इंदौर:आनंद नगर स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत 41 वर्षीय ईश्वरदास पर देर रात कुछ युवकों ने बर्थ-डे पार्टी की मंजूरी न देने पर हमला कर दिया. पुजारी ने मंदिर परिसर में जन्मदिन मनाने से रोक दिया था, जिससे गुस्साए युवकों ने उन पर तलवार और चाकू से वार कर घायल कर दिया. बीच-बचाव करने आए एक युवक को भी पीटा गया, जिसके सिर में गंभीर चोट आई है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया.
राजेन्द्र नगर थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनू चौहान, गोलू चौहान और उनके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया. सभी आरोपी बिजलपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनके पास से तलवार व चाकू बरामद किए जा रहे हैं. घटना के बाद रहवासी, बजरंग दल कार्यकर्ता और साधु-संत बड़ी संख्या में राजेंद्र नगर थाने पहुंचे और हंगामा किया.
उनका आरोप था कि आए दिन मंदिर परिसर में असामाजिक तत्व दादागिरी करते हैं. मना करने पर धमकियां दी जाती हैं और अब सीधे हमला कर दिया. वहीं थाना प्रभारी नीरज बिरथरे ने बताया कि मामले में आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है. साधु-संत प्राणघातक हमले की धारा लगाने की मांग कर रहे थे, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट में जानलेवा चोट की पुष्टि नहीं हुई. फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया है और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
