सतना:सांसद गणेश सिंह ने मैहर जिले के विकास से जुड़ी कई मांगें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं।उन्होंने सबसे पहले मुकुंदपुर टाइगर सफारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मुकुंदपुर की टाइगर सफारी मैहर जिले में है, लेकिन परिसीमन के दौरान इसे कहीं और ले जाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मैहर की जनता की ओर से मांग की कि मुकुंदपुर टाइगर सफारी को मैहर जिले में ही रखा जाए।
सतना-मैहर को इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से जोडऩे की मांग
गणेश सिंह ने भारत सरकार की मदद से बनाए जा रहे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें सतना और मैहर दोनों जिले छूट रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि दोनों जिलों को इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि सतना और मैहर पर्यटन के साथ-साथ औद्योगिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं, इसलिए इन्हें इस परियोजना से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। सांसद ने लिलजी बांध को और सुंदर एवं बेहतर बनाने की मांग रखी।
इसके साथ ही बसौरा से पन्ना को जोडऩे वाली सडक़ की स्वीकृति देने का आग्रह किया। धुनवारा में आईटीआई खोलने, मैहर में ओलंपिक स्तर का खेल स्टेडियम बनाने तथा बदेरा में 132 केवी का पावर सब स्टेशन स्थापित करने की मांग भी उन्होंने रखी। गणेश सिंह ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से मैहर जिले में पर्यटन, उद्योग, शिक्षा, खेल, सडक़ और बिजली के क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी। इसके पहले सांसद गणेश सिंह ने हेलीपैड में गुलदस्ता देकर सीएम का स्वागत किया और मां शारदा के दर्शन पूजन व भूमिपूजन-लाकार्पण तथा अन्य कार्यक्रमों में साथ रहे।
