भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज भोपाल स्थित संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क में आयोजित प्रशिक्षुओं के अभिमुखीकरण समारोह में शामिल होंगे। इस बीच मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मैहर जिले के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैहर जिले के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। बदेरा पहाड़ में 132 केवी का विद्युत सब स्टेशन बनाया जाएगा। इसके अलावा 25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्टेडियम का निर्माण होगा।
उन्होंने बताया कि 50 करोड़ रुपये की लागत से लिलजी जलाशय का नवीनीकरण कराया जाएगा। जिले में 5000 गौवंश की क्षमता वाली बड़ी गौशाला का निर्माण भी किया जाएगा। साथ ही लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बड़ा और सर्वसुविधायुक्त अस्पताल बनाया जाएगा।
घुनवारा में आईटीआई संस्थान की स्थापना की जाएगी और स्कूल का उन्नयन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से मैहर जिले में बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, खेल और रोजगार के अवसरों को मजबूती मिलेगी।
