
परासिया। वेकोलि की छिंदा ओपन कास्ट खदान में गुरुवार 26 नवंबर की रात एक बड़ा हादसा हो गया। खदान की हाई-वॉल से अचानक भारी पत्थर गिरकर वाहन पर जा लगा, जिससे वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे नागपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इकलहरा निवासी शाहरुख खान पिता जलील उद्दीन छिंदा ओपन कास्ट माइन्स की C-5 शाखा के अंतर्गत संतान कावेरी कंपनी में वाहन चालक के पद पर कार्यरत हैं। गुरुवार रात की पाली में ड्यूटी के दौरान जब वे खदान में वाहन चला रहे थे, तभी अचानक हाई-वॉल से एक भारी पत्थर वाहन पर आ गिरा। पत्थर सीधे उनके सिर पर लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना शाहरुख के भाई सलमान एवं श्रीपाल सिंह चंदेल द्वारा परिजनों को दी गई। घायल को तत्काल वेदांता अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर कर दिया।
घटना के संबंध में घायल के भाई नफीस अहमद ने देर रात रावनवाड़ा थाने पहुंचकर लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
इस हादसे के बाद छिंदा ओपन कास्ट खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गौरतलब है कि पूर्व में भी डीजीएमएस (खान सुरक्षा महानिदेशालय) द्वारा खदान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए जाने की बात सामने आई थी। ऐसे में हाई-वॉल से पत्थर गिरने की घटना ने खदान में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
