
जबलपुर। रेल सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों के छूटे हुए सामान को सुरक्षित वापस लौटाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन अमानत के तहत एक यात्री का मोबाइल फोन बरामद कर उसे सही-सलामत सुपुर्द किया गया। 12 अगस्त को उप निरीक्षक राजकुमार चन्देल एवं आरक्षक मुकेश कुमार गश्त के दौरान प्लेटफार्म क्रमांक-2 पर खड़ी ट्रेन क्रमांक 03251 की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें ट्रेन में वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन लावारिस हालत में मिला। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी मोबाइल पर अपना दावा नहीं किया, जिसके बाद आरपीएफ जवानों ने मोबाइल को सुरक्षित रूप से आरपीएफ पोस्ट जबलपुर में जमा करा दिया। बाद में मोबाइल पर एक यात्री का फोन आने पर आरपीएफ ने उसे पोस्ट जबलपुर बुलाया। यहां पहुंचे कमलेश मंडल, निवासी सीतामढ़ी, बिहार ने मोबाइल को अपना बताते हुए बताया कि यात्रा के दौरान उनका फोन गिर गया था। यात्री ने मोबाइल की कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई। उप निरीक्षक राजकुमार चन्देल ने आवश्यक सत्यापन एवं संतुष्टि के बाद यात्री का आधार कार्ड लेकर गवाहों की मौजूदगी में मोबाइल फोन सही-सलामत हालत में उन्हें सौंप दिया। अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर यात्री ने आरपीएफ के प्रति आभार जताया।
