जांजगीर-चांपा, ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में संदिग्ध विषाक्त भोजन से एक परिवार के चार बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गयी, जिसमें से एक किशोर की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य बच्चों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दल्हा पोड़ी गांव के रहने वाले बच्चे अपने मामा के घर धुरकोट गांव आए हुए थे। बच्चों ने रविवार शाम तरबूज खाने के बाद रात में चिकन का सेवन किया था। देर रात सभी बच्चों को उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन 15 वर्षीय अखिलेश धीवर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
अन्य बच्चों पिंटू धीवर (12), हितेश धीवर (13) और श्री धीवर (4) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों बच्चों की हालत फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. इकबाल हुसैन ने बताया कि प्राथमिक रूप से मामला विषाक्त भोजन का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मृतक किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर परीक्षण की तैयारी की जा रही है। चिकित्सकों का कहना है कि दूषित भोजन, लंबे समय तक कटे फल खुले में रखना या रासायनिक पदार्थों के संपर्क में आने से भी इस तरह की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
