राजधानी में यमुना किनारे अवैध हथियार फैक्ट्री ध्वस्त, भारी मात्रा में बरामदगी

नयी दिल्ली, 13 सितंबर (वार्ता) राजधानी दिल्ली की सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। महज़ 10 दिन के भीतर पुलिस ने दूसरी बार अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।
इस बार यह फैक्ट्री उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के यमुना नदी के किनारे बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में चलाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में हथियार और कच्चा माल बरामद किया है। साथ ही फैक्ट्री संचालक शिवचरण (60 ) को गिरफ्तार किया गया है।
उत्तरी जिला के पुलिस उपायुक्त राजा बंथिया ने शनिवार को बताया कि इससे पहले एक सितंबर को पुलिस ने अलीगढ़ जिले के जटारी पिशावा रोड स्थित अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था, जहां से आरोपी हनवीर उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया गया था। उसी जांच में हनवीर ने अपने साझेदार शिवचरण का नाम उजागर किया।
एसएचओ, सराय रोहिल्ला के एसएच इंस्पेक्टर विकास राणा के नेतृत्व में और एसीपी अनिल शर्मा की देखरेख में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 11 सितंबर को मथुरा जिले के गांव अनेरदा गढ़ी पहुंचकर आरोपी शिवचरण को दबोचा। आरोपी पुलिस को यमुना किनारे अपनी फैक्ट्री तक ले ग़या। यह क्षेत्र लगभग तीन किलोमीटर तक पानी में डूबा हुआ था। पुलिस दल को 5–8 फीट गहरे पानी को पार करते हुए फैक्ट्री तक पहुंचने में करीब दो घंटे का समय लगा।
पुलिस ने वहां से 14 देशी पिस्तौल (9 सिंगल बैरल, 5 डबल बैरल), 1 बंदूक, 50 बैरल, 28 छोटे बैरल पाइप, 350 से अधिक पिस्तौल बनाने का कच्चा माल और भारी मात्रा में औजार बरामद किए। पूछताछ में सामने आया कि पहले यह फैक्ट्री हनवीर चलाता था, लेकिन अलीगढ़ में नई फैक्ट्री शुरू करने के बाद इसे शिवचरण ने अकेले संभाल लिया। दोनों में मुनाफा बराबर बांटा जाता था।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार शिवचरण फैक्ट्री के आसपास दो कुत्ते पालकर सुरक्षा का इंतज़ाम करता था ताकि कोई व्यक्ति इधर-उधर भटक न सके। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है।

Next Post

अपहरण व अश्लील वीडियो प्रकरण में फरार दो आरोपी नोएडा से गिरफ्तार

Sat Sep 13 , 2025
नयी दिल्ली, 13 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय दिल्ली पुलिस की चांदनी महल थाने की टीम ने अपहरण, अवैध बंधक, मारपीट, रंगदारी और अश्लील वीडियो प्रसारण जैसे संगीन मामले में फरार चल रहे दो अपराधियों को नोएडा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर निवासी मोहम्मद […]

You May Like