कोलकाता, 04 मार्च (वार्ता) फिन ऐलन ने टी-20 विश्वकप इतिहास की सबसे तेज नाबाद शतकीय पारी खेलकर न्यूजीलैंड को विश्वकप के फाइनल में पहुंचा दिया। फिन ऐलन ने 33 गेंदों में 10 चौके और 8 छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 100) की शतकीय पारी खेली। फिन ऐलन और टिम साइफर्ट के बीच हुई 117 रनों की साझेदारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने बुधवार को टी-20 विश्वकप के पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 43 गेंदे शेष रहते नौ विकेट से रौंद कर टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। जहां उसका मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। फिन ऐलन को उनकी विस्फोटक पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।
170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड के लिए टीम साइफर्ट और फिन ऐलन की सलामी जोड़ी ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़े । फिन ऐलन ने न्यूजीलैंड का सबसे तेज अर्ध शतक बनाया। उन्होंने मात्र 19 गेंद पर अपना अर्ध शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने छह चौके और तीन छक्के लगाये। 10वें ओवर की पहली गेंद पर कगिसो रबाड़ ने टिम साइफर्ट को बोल्ड कर इस साझेदारी का अंत किया। साइफर्ट ने 33 गेंदों में चार चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 58 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड ने 12.5 ओवर में एक विकेट पर 173 रन बनाकर नौ विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। रचिन रवींद्र 13 रन बनाकर नाबाद रहे। ऐलन का यह शतक पुरुष टी-20 विश्व कप इतिहास के नॉकआउट में पहला शतक है। पुरुष टी-20 इतिहास में यह संयुक्त तौर पर तीसरा सबसे तेज शतक भी है।
इससे पहले आज यहां मार्को यानसन (नाबाद 55) , डेवाल्स ब्रेविस (34) और ट्रिस्टन स्टब्स (29) शानदार बल्लेबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आठ विकेट पर169 रनों का स्कोर बनाया। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 12 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। कोल मैकॉन्ची ने दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर क्विंटन डी कॉक (10) और इसी ओवर की अगली गेंद रायन रिकलटन (शून्य) का शिकार किया। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने कप्तान एडन मारक्रम ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 43 रन जोड़े। आठवें ओवर में रचिन रवींद्र ने एडन मारक्रम (18) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। 10वें ओवर में रवींद्र ने डेविड मिलर (छह) को भी आउट कर पवेलियन भेज दिया। अगले ही ओवर में जिमी नीशम ने डेवाल्स ब्रेविस का शिकार कर लिया। डेवाल्स ब्रेविस ने 27 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए 34 रनों की पारी खेली।
दक्षिण अफ्रीका ने एक समय 77 के स्कोर पर अपने पांच विकेट गंवा दिये थे। ऐसे संकट के समय ट्रिस्टन स्टब्स और मार्को यानसन की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट लिए 73 रन जोड़े। 19वें ओवर की पहली गेंद पर लॉकी फ़र्ग्युसन ने ट्रिस्टन स्टब्स 24 गेंदो में (29) रन को बोल्ड कर इस साझेदारी का अंत किया। स्टब्स ने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 169 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। मार्को यानसन ने 30 गेंदों में दो चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए नाबाद 55 रनों की विस्फोटक पारी खेली।
न्यूजीलैड के लिए मैट हेनरी, कोल मैकाॅन्ची और रचिन रवींद्र ने दो-दो विकेट लिये। लॉकी फ़र्ग्युसन, जिमी नीशम ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
