वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर दिल्ली में 28 रुपये महंगा

नयी दिल्ली, 01 मार्च (वार्ता) तेल विपणन कंपनियों ने होली से ठीक पहले वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिये हैं जबकि घरेलू सिलेंडर के मूल्य में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में रविवार से 19 किलोग्राम वाला वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर 1,768.50 रुपये का हो गया है। यह मार्च 2025 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है।

वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में इस साल लगातार तीसरी बार वृद्धि हुई है। दिल्ली में जनवरी में इसकी कीमत 111 रुपये और फरवरी में 49 रुपये बढ़ी थी। इस प्रकार तीन बार में कीमत में कुल 188 रुपये की बढ़ोतरी की गयी है।

वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर का उपयोग होटल, रेस्त्रां, ढाबों समेत सभी गैर-घरेलू उद्देश्यों के लिए होता है।

देश के अन्य मेट्रो शहरों में भी लगभग इतनी ही बढ़ोतरी की गयी है। कोलकाता में इसकी कीमत 31 रुपये बढ़कर 1,875.50 रुपये और मुंबई में 28.50 रुपये बढ़कर 1,720.50 रुपये हो गयी है। चेन्नई में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर 29.50 रुपये महंगा होकर आज से 1,929 रुपये का मिलेगा।

वहीं, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 08 अप्रैल 2025 के बाद से कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। दिल्ली में इसकी कीमत 853 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये पर स्थिर है।

तेल विपणन कंपनियां रसोई गैस की कीमतों की हर महीने समीक्षा करती हैं। अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में कीमतों में बदलाव और डॉलर की तुलना में रुपये की विनिमय दर के आधार पर आम तौर पर हर महीने की पहली तारीख से नयी कीमतें तय की जाती हैं।

 

 

 

Next Post

डैम से शहर में आसानी से पहुंचेगा पानी

Sun Mar 1 , 2026
आष्टा। नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा के मुख्य आतिथ्य में रामपुरा डैम से नगर के लिए डलने वाली पाइप लाईन कार्य का शुभारंभ नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा द्वारा किया गया. नपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मेवाड़ा ने बताया कि यह कार्ययोजना लगभग 48 करोड़ की लागत से पूर्ण होगी. परिषद का प्रयास है […]

You May Like