अपहरण व अश्लील वीडियो प्रकरण में फरार दो आरोपी नोएडा से गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 13 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय दिल्ली पुलिस की चांदनी महल थाने की टीम ने अपहरण, अवैध बंधक, मारपीट, रंगदारी और अश्लील वीडियो प्रसारण जैसे संगीन मामले में फरार चल रहे दो अपराधियों को नोएडा से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर निवासी मोहम्मद अली असगर अंसारी (33) और बिहार के ही पूर्वी चंपारण निवासी मोहम्मद सादिक (39) के रूप में हुई है।
केंद्रीय ज़िला पुलिस उपायुक्त निधिन वालसन ने शनिवार को बताया कि गत 28 जुलाई को चांदनी महल थाने में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका पति, जो वीज़ा एजेंट का काम करता है, व्यावसायिक साझेदार बाबलू उर्फ़ मोहम्मद जिया इक़बाल के बुलावे पर शाहीन बाग गया था।
इसके बाद उसका मोबाइल फ़ोन बंद हो गया और महिला को एक अज्ञात कॉल आया जिसमें उसके पति पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए अपहरण की आशंका जताई गई। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अगले दिन यानी 29 जुलाई को पुलिस ने पीड़ित को दिल्ली के तैमूर नगर से बरामद किया। पीड़ित ने बयान में बताया कि बाबलू, सफ़ातुल्ला और आस मोहम्मद ने उसे अवैध रूप से बंधक बनाकर पीटा, उसकी अश्लील वीडियो बनाई और उसे प्रसारित किया। साथ ही दो लाख रुपये की मांग भी की गई। बाद में मोहम्मद अली असगर और सादिक उसे नोएडा ले गए और एक दिन तक कैद में रखने के बाद छोड़ दिया।
गत
पुलिस ने बाबलू, सफ़ातुल्ला और आस मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन अली असगर और सादिक फरार हो गए थे। इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी के आधार पर गत नौ सितंबर को नोएडा सेक्टर-5 से दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले विदेशी रोज़गार आपूर्ति का काम करते थे। हाल ही में उन्होंने बैग निर्माण का व्यवसाय शुरू किया था।

Next Post

चावल नरम, गेहूं-चीनी मजबूत, खाद्य तेलों-दालों में घट-बढ़

Sat Sep 13 , 2025
नयी दिल्ली, 13 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शनिवार को चावल के औसत दाम घट गये जबकि गेहूं की कीमतों में तेजी रही। चीनी में भी मजबूती दर्ज की गयी। दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। घरेलू थोक जिंस बाजारों में चावल की औसत कीमत […]

You May Like