
इटारसी। शहर के सबसे व्यस्त चामुंडा चौराहा क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पंजाब नेशनल बैंक के सामने से बैंक कर्मचारी चंदन मालवीय की मोटरसाइकिल अज्ञात चोर उड़ा ले गया। यह पूरी घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, चंदन मालवीय ने अपनी बाइक बैंक के बाहर खड़ी कर अंदर काम करने चले गए थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और बाइक स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन पहली बार असफल रहा। इसके बाद वह दूसरी गाड़ी से कुछ दूर गया और करीब 20 मिनट बाद दोबारा लौटा। इस बार उसने बड़ी आसानी से बाइक स्टार्ट की और मौके से फरार हो गया।
घटना ऐसे स्थान पर हुई है जहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। चोरी की जानकारी मिलते ही मालवीय ने सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। फुटेज में आरोपी का चेहरा और समय स्पष्ट रूप से दिख रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
