जबलपुर: सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से चले 15 दिवसीय विशेष अभियान के तहत पुलिस ने ट्रैफिक नियम तोडऩे वालों पर कार्रवाई के साथ जागरूक अभियान भी चलाया। बिना हेल्मेट के वाहन चलाने वाले 4910 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्यवाही के साथ 47 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर हेलमेट की अनिवार्यता एवं यातायात के नियम के प्रति नागरिकों को जागरूक किया। इसके अलावा यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न कर आम रोड पर खडे वाहनों के खिलाफ व्हील लॉक की कार्यवाही की गई।
विदित हो कि सडक़ दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण यातायात नियमों की अनदेखी और हेलमेट का उपयोग न करना है। आंकड़ों के अनुसार लगभग 50 प्रतिशत मृतकों मे दोपहिया वाहन चालक शामिल होते हैं, जो हेलमेट नही पहनते हैं। इसे गंभीरता से लेते हुये पुलिस विभाग ने सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। पुलिस परिवहन शोध संस्थान, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार सडक़ दुर्घटनाओं मे कमी लाने एवं दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट धारण करने की अनिवार्यता को लेकर प्रदेश मे 26 अप्रैल से से 10 मई तक विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिये गये हैं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में भी सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए अभियान चलाया गया। पीओएस मशीन के माध्यम से अधिक से अधिक चालानी कार्यवाही के साथ ही पीओएस मशीन से ही ड्रायविंग लायसेंस निलंबन करने परिवहन विभाग को भेजा गया। शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों में हेलमेट की अनिवार्यता व यातायात नियमों के प्रति जागरुकता का अभियान चलाया गया।
