टिकट लेकर यात्रा का संदेश, ‘मेरा टिकट–मेरी शान’ अभियान शुरू

इंदौर: रेल यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने की आदत को बढ़ावा देने और जिम्मेदार नागरिक होने का संदेश देने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने “मेरा टिकट, मेरी शान विकसित भारत के लिए मेरा योगदान” यात्री जागरूकता अभियान की शुरुआत की है. यह अभियान 29 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक चलाया जाएगा.अभियान का शुभारंभ रतलाम मंडल रेल प्रबंधक द्वारा इंदौर रेलवे स्टेशन से किया. इस दौरान उन्होंने यात्रियों से सीधे संवाद कर रेलवे में हो रहे विकास कार्यों और सुविधाओं को लेकर उनकी राय जानी.

यात्रियों ने रेलवे की सेवाओं और हाल के सुधारों को लेकर संतोष जताया और सकारात्मक प्रतिक्रिया दी. कार्यक्रम में मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे कर्मचारी, यात्री और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे. मीडिया से चर्चा में मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को यह समझाना है कि टिकट लेकर यात्रा करना केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि देश के विकास में भागीदारी भी है. उन्होंने बताया कि यात्रियों द्वारा खरीदे गए टिकट से ही रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में कार्य संभव हो पाता है.

इसी अवसर पर उन्होंने ‘रेलवन’ मोबाइल ऐप की जानकारी भी दी और इसे यात्रियों के लिए उपयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म बताया. पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यात्रियों से अपील की गई है कि वे रेलवन ऐप, एटीवीएम या बुकिंग काउंटर से टिकट लेकर ही यात्रा करें. रेलवन ऐप के माध्यम से आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुकिंग, लाइव ट्रेन स्थिति, पीएनआर स्टेटस, भोजन सेवा और यात्री सहायता जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं.

अभियान के तहत इंदौर, रतलाम, उज्जैन और चित्तौड़गढ़ स्टेशनों पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं. इन स्टेशनों पर जागरूकता स्टॉल, सेल्फी प्वाइंट, बैनर-पोस्टर लगाए हैं. साथ ही नुक्कड़ नाटक, वीडियो संदेश और सोशल मीडिया के माध्यम से भी यात्रियों को टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. रेलवे का मानना है कि जागरूक यात्री ही सशक्त और विकसित रेल व्यवस्था की नींव होते हैं.
पूर्व सैनिक बनेंगे रेलवे पॉइंट्समैन
इंदौर. पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल और आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन के बीच ट्रैफिक गेटमैन व पॉइंट्समैन पदों पर पूर्व सैनिकों की तैनाती को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए. इसके तहत रतलाम मंडल में लगभग 100 पूर्व सैनिकों को ट्रैफिक पॉइंट्समैन के रूप में तैनात किया जाएगा. चयनित पूर्व सैनिकों की तैनाती 15 दिनों के भीतर शुरू होगी. रतलाम मंडल इस तरह का एमओयू करने वाला पश्चिम रेलवे का पहला मंडल बन गया है.
वडोदरा–दाहोद–वडोदरा मेमू सेवा आज से हुई पुनः बहाल
इंदौर. यात्रियों की सुविधा और मांग को देखते हुए पूर्व में बंद की गई वडोदरा–दाहोद मेमू ट्रेन सेवा अब फिर से शुरू की जा रही है. पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 69233/69234 वडोदरा–दाहोद–वडोदरा मेमू शुक्रवार 30 जनवरी से अपने पुराने समय अनुसार चलना शुरू करेगी

Next Post

यूपी वॉरियर्ज को आठ विकेट से हराकर आरसीबी डब्ल्यूपीएल के फाइनल में

Fri Jan 30 , 2026
वडोदरा, (वार्ता) ग्रेस हैरिस (दो विकेट/ 75 रन ) के हरफनमौला प्रदर्शन और कप्तान स्मृति मंधाना (नाबाद 54) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत रॉचल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुरुवार को महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के 18वें मुकाबले में यूपी वॉरियर्ज को आठ विकेट से हराकर टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना […]

You May Like