शिक्षा से ही जीवन में आगे बढऩे का मार्ग प्रशस्त होता है: राज्यपाल मंगुभाई पटेल

मऊगंज। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि शिक्षा से ही जीवन में आगे बढऩे का मार्ग प्रशस्त होता है. पढ़-लिख कर ही आगे बढ़ा जा सकता है. इसलिए शिक्षा के महत्व को समझते हुए प्रत्येक बच्चे को शिक्षा मुहैया कराना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ जनजातीय व गरीब वर्ग के लोगों को प्राथमिकता से दिलाने का कार्य किया जाना चाहिए ताकि वह देश के विकास में कंधे से कंधा मिलाकर भागीदार बन सकें. राज्यपाल मंगुभाई पटेल मऊगंज जिले के हनुमना जनपद अंतर्गत दूरस्थ जनजातीय धरती आबा ग्राम सलैया खास में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए.

राज्यपाल ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अल्प आयु में ही देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया था. धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना आदिवासियों के उत्थान के लिए वरदान साबित होगी. इस योजना के तहत 18 विभागों द्वारा उनकी योजनाओं का लाभ जनजातीय परिवारों को मिलेगा. राज्यपाल जी ने आदिवासी युवाओं का आह्वान किया कि वह शिक्षित होकर अपने समाज के लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य करें क्योंकि समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति के लिए इस योजना से लाभ लेकर बराबरी का दर्जा प्राप्त किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि स्वसहायता समूह के माध्यम से महिलाएं विकास की राह पकड़ चुकी हैं. उनमें आत्मविश्वास तो बढ़ा ही है साथ ही महिला सशक्तिकरण का भी उदाहरण प्रस्तुत हुआ है. श्री पटेल ने कहा कि यह उनका मऊगंज जिले का प्रथम प्रवास है. यहां जनजातीय समुदाय के बड़ी संख्या में लोग निवास कर रहे हैं. उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है. श्री पटेल ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को साधुवाद दिया जिनके प्रयासों से देश में सिकल सेल उन्मूलन के लिए 15 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है. सिकल सेल की जांच की जाकर तथा जनजातीय समाज में जागरूकता फैलाकर इसके उन्मूलन के प्रयास किये जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि निक्षय मित्र योजना से टीवी पीडि़त मरीज को पोषण किट का वितरण किया गया है जिससे वह नियमित दवाई तथा पौष्टिक आहार लेकर टीवी रोग से मुक्ति पा सकेंगे. राजपाल जी ने कहा कि उज्ज्वला योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ समाज के गरीब वर्ग के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहा है. उन्होंने शासकीय अधिकारियों कर्मचारियों से आह्वान किया कि जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने में कृत संकल्पित रहे.

इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि राज्यपाल मंगू भाई पटेल देश के ऐसे प्रथम व्यक्ति हैं जिन्होंने सिकल सेल बीमारी की पहचान व उसकी जांच के लिए कार्य प्रारंभ किया. वह इसके उन्मूलन के लिए पूरे मनोयोग से जुटे हुए हैं. उनके मार्गदर्शन से इस अनुवांशिक बीमारी को 2047 तक जड़ से खत्म करने में मदद मिलेगी। श्री मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में करोड़ों आदिवासियों की जिंदगी को बचाने का कार्य देश में किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मऊगंज जिले की एक-एक इंच भूमि संचित होगी. नलजल योजना से हर घर को स्वच्छ जल मिलेगा. पीएम आवास का हर पात्र व्यक्ति को लाभ मिलेगा और सभी के समन्वित प्रयास से यह जिला आदर्श जिले के तौर पर स्थापित होगा. सांसद श्री मिश्र ने सलैया आदि सेवा केंद्र तक की सडक़ निर्माण के लिए 15 लाख रुपए देने की घोषणा की. इससे पूर्व स्वागत उद्बोधन देते हुए विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल ने कहा कि मऊगंज जिले के हनुमना विकासखंड में बड़ी संख्या में जनजातीय लोग निवास करते हैं. धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना से जोडक़र हनुमना जनपद को आकांक्षी विकासखंड बनाया गया है. धरती आबा के 144 ग्रामों में शासन की योजनाओं का लाभ दूरस्थ गांव के लोगों को मिलेगा और वह समाज की मुख्य धारा में जुड़ सकेंगे. कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल का जनजातीय पारंपरिक नृत्य शैला एवं कर्मा से स्वागत हुआ. भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण व उनके चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. इस अवसर पर राखी द्विवेदी द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान की राज्यपाल जी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा कहा कि सभी विद्यालयों में राखी द्वारा वंदे मातरम गीत प्रस्तुतीकरण कराएं ताकि बच्चे इसे कंठस्थ कर सकें. राज्यपाल ने जिला पंचायत सदस्य उर्मिला सिंह का शॉल व श्रीफल से सम्मान किया. कार्यक्रम में कुलगुरु राजेंद्र कुमार कुड़रिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, समाजसेवी डॉ. राजेंद्र मिश्र, सरपंच सलैया इंदरनिया कोल, कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर संजय कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, अन्य जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण, हितग्राही व बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। राज्यपाल महोदय को जिला प्रशासन द्वारा सुपारी से बने गणेश जी तथा बहुती प्रपात का चित्र भेंट किया गया। आभार प्रदर्शन अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय ने किया.

Next Post

राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने मऊगंज के सलैया खास में ग्रामीणों से किया संवाद

Wed Feb 25 , 2026
मऊगंज। राज्यपाल मंगुभाई पटेल मऊगंज जिले में अपने प्रथम प्रवास के तहत हनुमना विकासखंड अंतर्गत ग्राम सलैया खास पहुंचे. यहाँ उन्होंने ग्रामीणों और शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों व स्थानीयजनों से संवाद कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की. राज्यपाल श्री पटेल सबसे पहले ग्राम पंचायत सलैया खास के आदि सेवा […]

You May Like