
मऊगंज। राज्यपाल मंगुभाई पटेल मऊगंज जिले में अपने प्रथम प्रवास के तहत हनुमना विकासखंड अंतर्गत ग्राम सलैया खास पहुंचे. यहाँ उन्होंने ग्रामीणों और शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों व स्थानीयजनों से संवाद कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की.
राज्यपाल श्री पटेल सबसे पहले ग्राम पंचायत सलैया खास के आदि सेवा केंद्र पहुंचे. यहाँ उन्होंने आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं से विस्तार से चर्चा की. उन्होंने बच्चों के पोषण स्तर, स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की प्रगति के बारे में जानकारी ली. राज्यपाल ने कार्यकर्ताओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समर्पण भाव से सेवा करने के लिए प्रोत्साहित किया. कार्यक्रम का सबसे मुख्य आकर्षण आदि सेवा केंद्र परिसर में स्थित विशाल वट वृक्ष के नीचे आयोजित ग्रामीण चौपाल रही. इस दौरान सरपंच इंदरनिया कोल, समाजसेवी मोती लाल बेग, जगरनाथ कोल, राज कुमार गोड़ और सुदर्शन गोड़ से राज्यपाल ने संवाद किया. राज्यपाल ने ग्रामीणों से रूबरू होते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति को सशक्त बनाना है. उन्होंने अपील की कि लोग स्वयं जागरूक होकर आगे आएं और इन योजनाओं का अधिकतम लाभ लें. राज्यपाल ने स्थानीय स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की और कहा कि विकास की धारा हर घर तक पहुंचे. इस दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया. राज्यपाल के आगमन पर कलेक्टर संजय जैन एवं पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. इसके पश्चात जिला पुलिस बल द्वारा राज्यपाल को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया.
