चितरंगी में बाढ़: सोन-गोपद उफान पर, 29 गांव में अलर्ट

सिंगरौली। जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गये हैं। चितरंगी क्षेत्र के सोन एवं गोपद नदी का जल स्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गये हैं। प्रशासन ने सोनतराई अंचल के 29 गांव के लोगों को अलर्ट में रहने के लिए कहा है।

गौरतलब है कि जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से जन जीवन प्रभावित हुआ है। वही क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गये हैं। आलम यह है कि 17 जुलाई को चितरंगी क्षेत्र में सर्वाधिक 147 मिमी, देवसर में 106 मिमी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि सिंगरौली में 87, सरई में 99 एवं माड़ा में 83 मिमी बारिश हुई है। कुल बारिश 103 मिमी व अब तक कुल बारिश 554 मिमी दर्ज की जा चुकी है। जबकि पिछले वर्ष आज की स्थिति में मात्र 189 मिमी हुई थी। जिले के दूरस्थ अंचल चितरंगी क्षेत्र में हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। आलम यह है कि सोन एवं गोपद नदी का जल स्तर बढ़ने के कारण खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। क्योटली एवं चितावल सोन नदी पर बनी पुल के समीप पानी पहुंचने के कारण गढ़वा एवं नौडिहवा पुलिस ने बैरियर लगाकर आवागमन रोक दिया है। साथ ही प्रशासन ने सोनतीर इलाके के 29 गांव में बाढ़ की खतरा को देखते हुये अलर्ट जारी करते हुये सोनतीर इलाके के लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है। इधर मूसलाधार बारिश से क्षेत्र के कई नदी-नाले उफान पर हैं। ग्राम फुलकेश के सुखसैन नाई का कहना है कि करीब पॉच साल बाद सोन नदी का जल स्तर इतना बढ़ा है और अभी जिस वेग से सोन एवं गोपद नदी का जल स्तर बढ़ रहा है, ऐसे में घरों तक बाढ़ का पानी आना संभव है। ग्राम गांगी निवासी लवलेश सिंह चौहान ने बताया कि जिस वेग से नदी का पानी बह रहा है, ऐसे में बाढ़ का खतरा मड़रा रहा है।

क्षेत्र जलमग्र, कई घरों में घुसा बारिश का पानी

क्षेत्र में करीब 12 घंटे के अधिक समय तक हुई मूसलाधार बारिश से क्षेत्र के खेत, तालाब, बांध पानी से लबालब भर गया है। चारोतरफ जहां-जहां नजरें जाती हैं, वहां पानी ही पानी नजर आ रहा है। चितरंगी ब्लॉक के ओड़नी एवं केकरांव गांव के कई घरों में पानी इस तरह घुसा है कि लोगबाग परेशान हैं। हालांकि बुधवार की दोपहर तक बारिश से राहत थी, लेकिन दोपहर के बाद फिर से अंचल में बारिश का दौर जारी है।

तालाब के पानी के चपेट में आई विद्यालय

तहसील चितरंगी क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जहां सोन नदी उफान पर हैं। वही नाले भी रौद्र रूप दिखा रहे हैं। तालाबो में लबालब पानी हिचकोले मार रहे हैं। जो खतरे को संकेत दे रहे हैं। चितरंगी क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के चलते केकरांव गांव का तालाब लबालब भर गया है। बताया जाता है कि तालाब के पानी निकासी की व्यवस्था नही की गई है। जिसके चलते तालाब का पानी विद्यालय की ओर बढ़ रहा है। भारी बारिश के चलते तालाब का पानी विद्यालय में प्रवेश किया। जिससे विद्यालय परिसर में लबालब पानी भर गया है। विद्यालय में पानी भरने के चलते विद्यार्थियों को भी विद्यालय आने-जाने में काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। बताया जाता है कि आज विद्यालय में पानी भर जाने के चलते अधिकांश बच्चे डर के चलते विद्यालय नही आये।

Next Post

अभद्र टिप्पणी करना पड़ा महंगा, 10 पहुंचे जेल

Thu Jul 17 , 2025
टीकमगढ़। दिगौड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस के खिलाफ अभद्र वीडियो वायरल करने के मामले में 10 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। दरअसल कुशवाहा समाज के इन युवकों ने दिगौड़ा तालाब के पास एक वीडियो बनाया था। इसमें पुलिस के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां और धमकियां दी गई थीं। पुलिस ने […]

You May Like