किरनापुर में शारीरिक जाँच रिपोर्ट का जाल’!

किरनापुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर में स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है, जहां एक-दो नहीं बल्कि एक दर्जन से अधिक अवैध पैथोलॉजी लैब बेखौफ संचालित हो रही हैं। बिना पंजीयन, बिना योग्य विशेषज्ञ और बिना मानकों के चल रही इन लैबों में मरीजों की जांच की जा रही है, जिससे गलत रिपोर्ट और गलत इलाज का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

हैरानी की बात यह है कि जिम्मेदार विभाग सब कुछ जानते हुए भी अब तक ठोस कार्रवाई से दूर नजर आ रहा है। सूत्रों के अनुसार किरनापुर क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक पैथोलॉजी सेंटर ऐसे हैं, जो पूरी तरह अवैध तरीके से संचालित हो रहे हैं। इन लैबों के पास न तो वैध लाइसेंस है और न ही प्रशिक्षित लैब टेक्नीशियन या मान्यता प्राप्त पैथोलॉजिस्ट की देखरेख। शासन के स्पष्ट नियम हैं कि किसी भी पैथोलॉजी का संचालन पंजीयन, निर्धारित उपकरणों और योग्य चिकित्सकीय निगरानी में ही किया जा सकता है, लेकिन यहां खुलेआम इन नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

इन अवैध लैबों द्वारा दी जा रही जांच रिपोर्ट की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि गलत रिपोर्ट के आधार पर मरीजों का इलाज होने से उनकी स्थिति और गंभीर हो सकती है, जो सीधे तौर पर जानलेवा भी साबित हो सकता है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतने बड़े स्तर पर चल रहे इस अवैध कारोबार पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत है या फिर लापरवाही का आलम इतना गहरा है कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ नजरअंदाज किया जा रहा है?

इस संबंध में जब ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (आयुषी राऊत से बात की गई तो उन्होंने कहा, “यदि किसी भी अवैध पैथोलॉजी संचालन की शिकायत प्राप्त होती है तो तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि है और नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

अब देखना यह होगा कि इस बयान के बाद स्वास्थ्य विभाग नींद से जागता है या फिर अवैध पैथोलॉजी का यह जाल यूं ही फैलता रहेगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द कार्रवाई कर ऐसे सेंटरों पर ताला लगाया जाए, ताकि लोगों की जान के साथ हो रहा यह खिलवाड़ रोका जा सकेगा या नहीं।

Next Post

जिला अलीराजपुर पुलिस बल के तीन उप निरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नति

Thu Sep 10 , 2026
आलीराजपुर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के आदेश 7 सितम्बर 2026 के द्वारा वर्ष 2015 के 88वें बैच के उप निरीक्षकों को निरीक्षक के पद पर विभागीय पदोन्नति प्रदान की गई है। इसमें जिला अलीराजपुर पुलिस बल के तीन उप निरीक्षकों को उनके उत्कृष्ट सेवा अभिलेख के आधार पर निरीक्षक पद पर […]

You May Like