डकार, 30 अक्टूबर (वार्ता) भारत के युवा शटलर देव रूपारेलिया और तन्वी पत्री, डकार यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 में बैडमिंटन प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता 1 से 5 नवंबर के बीच आयोजित होगी। यूथ ओलंपिक गेम्स सेनेगल के डकार में 31 अक्टूबर से 13 नवंबर तक चलेंगे।
बैडमिंटन इवेंट्स के ड्रॉ की घोषणा कर दी गई है। दूसरे सीड देव रूपारेलिया को पुरुष एकल (मेंस सिंगल्स) प्रतियोगिता के ग्रुप एच में रखा गया है। उनके साथ इस ग्रुप में शौर्य गुल्लैया (कनाडा), पेट्र ब्रिज़ा (चेक गणराज्य) और शेख अहमदौ बाम्बा डायग्ने (सेनेगल) शामिल हैं। महिला एकल (विमेंस सिंगल्स) प्रतियोगिता में, तीसरे सीड तन्वी पत्री को ग्रुप ऍफ़ में रखा गया है। यहाँ उनका मुकाबला स्मृति अदेपु (ऑस्ट्रेलिया), सारा पेट्रीसिया डेलगाडो गोंजालेज (मेक्सिको) और जांग यू जियोंग (कोरिया) से होगा।
टूर्नामेंट का प्रारूप
डकार यूथ ओलंपिक गेम्स की बैडमिंटन प्रतियोगिता में पुरुष और महिला एकल इवेंट्स होंगे, जिनमें प्रत्येक श्रेणी में 32 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता दो चरणों में खेली जाएगी – ग्रुप स्टेज और उसके बाद नॉकआउट स्टेज। खिलाड़ियों को चार-चार के आठ समूहों (ग्रुप्स) में बांटा गया है। हर खिलाड़ी को अपने ग्रुप के बाकी तीन खिलाड़ियों के खिलाफ खेलना होगा। हर ग्रुप का विजेता नॉकआउट स्टेज के क्वार्टर फाइनल में पहुंचेगा। इसके बाद सेमीफाइनल और मेडल मैच होंगे। स्वर्ण (गोल्ड) और कांस्य (ब्रॉन्ज) पदकों का फैसला 5 नवंबर को होगा। दोनों भारतीय शटलरों की कोशिश अपने-अपने ग्रुप में टॉप करने और नॉकआउट स्टेज में जगह बनाने की होगी, ताकि वे यूथ ओलंपिक के मंच पर अपनी छाप छोड़ सकें।

