सीहोर। नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने गुरुवार सुबह नपा कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. सुबह निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया. समय पर उपस्थित कर्मचारियों की सराहना की गई, वहीं विलंब से आने वाले कर्मचारियों को कड़ी हिदायत देते हुए भविष्य में समय का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष राठौर ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं—राजस्व, लेखा, निर्माण तथा जनसुनवाई कक्ष—में पहुंचकर कार्यप्रणाली की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित शाखा प्रभारियों से लंबित प्रकरणों की स्थिति पूछी और फाइलों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर पालिका में आने वाला प्रत्येक नागरिक अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर आता है, इसलिए लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इस दौरान नपाध्यक्ष ने कार्यालय में उपस्थित नागरिकों से सीधे संवाद भी किया. उन्होंने नागरिकों से उनकी समस्याओं और अनुभवों के बारे में पूछा तथा कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करना ही प्राथमिकता है. राजस्व शाखा में विशेष रूप से कर वसूली की प्रगति की समीक्षा की गई. नपाध्यक्ष ने लक्ष्य के मुकाबले वर्तमान वसूली की स्थिति पर असंतोष जताते हुए वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि नगर के विकास कार्यों के लिए राजस्व संग्रह महत्वपूर्ण है, इसलिए करदाताओं से संवाद बढ़ाकर और जागरूकता अभियान चलाकर बेहतर परिणाम प्राप्त किए जाएं.
निरीक्षण के अंत में प्रिंस राठौर ने अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने की नसीहत दी और कहा कि नगरवासियों को बेहतर सेवाएं देना ही नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है. नपाध्यक्ष राठौर के औचक निरीक्षण से कार्यालय में सक्रियता का माहौल देखने को मिला.
