इंदौर: प्रदेश कांग्रेस में अब प्रवक्ताओं की नियुक्ति सीधे नहीं हो सकेगी. एआईसीसी द्वारा टेलेंट हंट प्रक्रिया के तहत प्रवक्ताओं का चयन किया जाएगा. इसके लिए कांग्रेस की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. मध्यप्रदेश में प्रवक्ता बनने के लिए आवेदन करने की शुरुआत 10 फरवरी से शुरू हो चुकी है. एक महीने बाद प्रवक्ताओं के साक्षात्कार होंगे. उसमें से श्रेष्ठ का चयन कर दिल्ली से ही घोषणा की जाएगी.मध्यप्रदेश कांग्रेस में नए प्रवक्ताओं की नियुक्ति अब टेलेंट हंट प्रोग्राम के जरिए होगी. इसके लिए एआईसीसी ने चयन हेतु कमेटी गठित की है.
उक्त कमेटी में एआईसीसी के महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश, मीडिया एवं पब्लिसिटी प्रमुख पवन खेड़ा, सोशल मीडिया प्रभारी सुप्रिया श्रीनेत, संचार सचिव रचीरा चतुर्वेदी और विनीत पुनिया द्वारा आवेदकों से साक्षात्कार लिए जाएंगे. ध्यान रहे कि एआईसीसी के टैलेंट हंट प्रोग्राम के शुरू होने से प्रदेश कांग्रेस द्वारा सभी प्रवक्ताओं को कार्यमुक्त लगने के आदेश मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने जारी किए थे. इंदौर से नौ कांग्रेस नेता को प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई थी. नई टेलेंट हंट प्रक्रिया में एआईसीसी द्वारा प्रदेश में एक मुख्य समन्वयक, दो उप समन्वयक के साथ 20 प्रवक्ताओं का चयन किया जाएगा. खास बात यह है कि इस बार कांग्रेस अंग्रेजी का अलग प्रवक्ता चयन करेगी. साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया में प्रदेश के मुद्दों को लेकर एक राष्ट्रीय प्रवक्ता का भी चयन किया जाएगा. प्रदेश के मंडल और जिला में दो – दो प्रवक्ता भी बनाए जाएंगे.
नहीं चलेगी सिफारिश
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार टेलेंट हंट प्रोग्राम के तहत एआईसीसी की वेब साइट कांग्रेस.आईएनसी पर ऑनलाइन आवेदन करने की शुरुआत हो चुकी है। यह प्रक्रिया 10 मार्च यानि एक महीने तक चलेगी। इसके बाद आवेदकों को साक्षात्कार के लिए दिल्ली बुलाया जाएगा और एआईसीसी द्वारा गठित कमेटी आवेदकों से इंटरव्यू लेगी। कमेटी द्वारा 15 दिन तक आवेदको के अलग अलग समूहों में इंटरव्यू लिए जाएंगे। इसके बाद दिल्ली से ही मध्यप्रदेश के उपरोक्त सभी प्रवक्ताओं की घोषणा मार्च अंत या अप्रैल पहले सप्ताह करने की संभावना है । इसमें विशेष बात यह है कि प्रदेश के किसी भी नेता की सिफारिश मान्य नहीं होगी। मतलब साफ है कि जिसमें योग्यता होगी , वही प्रदेश कांग्रेस का प्रवक्ता बनेगा। चयनित व्यक्ति को विषय विशेषज्ञ की जिम्मेदारी दी जाएगी।
