इंदौर: शहर की इंदौर से उज्जैन के बीच नई ग्रीन फील्ड कॉरिडोर सड़क का काम जल्द शुरू होगा. उक्त सड़क के लिए शासन द्वारा उचित मुआवजा देने पर किसानों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया. आज किसानों द्वारा रेसिडेंसी कोठी पर कलेक्टर का सम्मान किया गया.आज इंदौर उज्जैन ग्रीन फील्ड कॉरिडोर सड़क योजना का उचित मुआवजा मिलने और सड़क निर्माण समस्या खत्म होने पर किसानों और जमीन मालिकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है. किसानों ने रेसिडेंसी कोठी में कलेक्टर शिवम वर्मा को साफा पहनाकर कृतज्ञता व्यक्त की. किसानों ने कहा कि मुआवजा उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्णय लिया है कि इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड फोर लेन रोड अब एलिवेटेड नहीं जमीनी स्तर पर बनेगा.
20 गांवों को भूमि कर रहे अधिगृहित
एसडीएम घनश्याम धनगर ने बताया कि इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड 4 लेन सड़क परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज गति से आगे बढ़ रही है. परियोजना के अंतर्गत विभिन्न तहसीलों के कुल 20 गांवों की भूमि अधिग्रहित की जा रही है. किसानों को जमीन के बदले 626 करोड़ 50 लाख रुपए मुआवजा राशि स्वीकृत की गई है. सिंहस्थ के दौरान उक्त सड़क महत्वपूर्ण साबित होगी. इस अवसर पर किसान अंजुम पटेल, भेरू सिंह राठौड़, संदीप चौधरी, देव चंदेल, ललित शर्मा सहित अन्य किसानों ने खुशी जाहिर कर कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का निर्णय किसानों के लिए हितकारी साबित होगा.
