देविका सिहाग, रौनक चौहान और किंदाबी श्रीकांत यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में

कैलिफोर्निया (अमेरिका) 27 जून (वार्ता) भारतीय शटलर देविका सिहाग, रौनक चौहान और किंदाबी श्रीकांत ने अपने-अपने क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। कैलिफोर्निया के टाइटन जिम में शुक्रवार को खेले गये मुकाबले में देविका सिहाग ने जापान की पूर्व जूनियर विश्व चैपियन रिको गुंजी को हराकर महिला एकल सेमीफाइनल में जगह बना ली है। 21 वर्षीय भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने दबाव में भी संयम बनाए रखते हुए तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी को 22-20, 21-19 से हराया और बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 स्पर्धा के अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की। बैडमिंटन रैंकिंग में 35वें स्थान पर मौजूद देविका सिहाग अब इस सीज़न के अपने तीसरे सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं; इससे पहले उन्होंने इस साल की शुरुआत में थाईलैंड मास्टर्स बीडल्यूएफ सुपर 300 खिताब और अज़रबैजान इंटरनेशनल जीता था।

अगले दौर में सिहाग का मुकाबला डेनमार्क की दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी लाइन क्रिस्टोफरसेन से होगा, जिन्होंने भारत की तन्वी शर्मा को 21-16, 11-21, 21-11 से हराया। वहीं 18 वर्षीय रौनक चौहान और अनुभवी 33 वर्षीय किदांबी श्रीकांत भी अपने-अपने पुरुष सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में जीत हासिल कर अंतिम चार में पहुंच गए। बैडमिंटन रैंकिंग में 80वें स्थान पर मौजूद चौहान ने इज़राइल के वर्ल्ड नंबर 77 मिशा ज़िलबरमैन को सिर्फ़ 38 मिनट में 23-21, 21-11 से हराकर अपने करियर के पहले पुरुष एकल बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 300 सेमीफाइनल में जगह बनाई।

बाद में, पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 किदांबी श्रीकांत ने चीनी ताइपे के लियाओ झुओ-फू को 21-9, 12-21, 21-8 से हराया। श्रीकांत ने दूसरे दौर में पेरिस 2024 ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता मलेशिया के ली ज़ी जिया को हराया था। रौनक चौहान, जिन्होंने दूसरे दौर में चीनी ताइपे के वर्ल्ड नंबर 6 चाउ टिएन चेन को चौंकाते हुए हराया था, फाइनल में जगह बनाने के लिए चीनी ताइपे के आठवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सु ली यांग का सामना करेंगे, जबकि श्रीकांत का मुकाबला जापान के चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी युदाई ओकिमोतो से होगा। वहीं, महिला सिंगल्स के क्वार्टर-फ़ाइनल में रक्षिता श्री को कनाडा की रेचल चैन के हाथों 15-21, 21-16, 21-12 से हार का सामना करना पड़ा।

.....

Next Post

सड़क सुरक्षा सर्वोपरि: बिना रेडियम स्ट्रिप टोल प्लाजा पार नहीं कर पाएंगे ट्रैक्टर-ट्रॉली

Sat Jun 27 , 2026
सागर: सागर जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने तथा नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिला सड़क सुरक्षा समिति के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन […]

You May Like