सड़क सुरक्षा सर्वोपरि: बिना रेडियम स्ट्रिप टोल प्लाजा पार नहीं कर पाएंगे ट्रैक्टर-ट्रॉली

सागर: सागर जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने तथा नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिला सड़क सुरक्षा समिति के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्रीमती पाल ने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी रोटरी (चौराहे) और लेफ्ट टर्न पर भारी वाहनों तथा बसों को रुकने की अनुमति कतई न दी जाए।

ऐसा करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि मोड़ पर जाम और दुर्घटना की स्थिति न बने। एंबुलेंस व पेट्रोलिंग वाहनों के चालकों, टोल प्लाजा कर्मचारियों तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े कम से कम 60 व्यक्तियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल सहायता देकर कैशलेस उपचार वाले अस्पतालों तक पहुँचाया जा सके। वर्तमान में प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत 16 अस्पताल पंजीकृत हैं और तहसील स्तर पर भी अस्पतालों को जोड़ा जा रहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों एवं व्यावसायिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप और रेडियम स्ट्रिप लगाने की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रेडियम स्ट्रिप नहीं लगी है, उन्हें टोल प्लाजा से गुजरने न दिया जाए, ताकि वाहन स्वामी सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए प्रेरित हों। वहीं मकरोनिया एवं मोतीनगर चौराहे पर सुबह के समय मजदूरों की भीड़ से प्रभावित होने वाले यातायात को सुधारने के लिए जंक्शन इम्प्रूवमेंट किया जाएगा, जिसके लिए नगर निगम एवं श्रम विभाग को मजदूरों के लिए वैकल्पिक स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रमुख मार्गों पर बने अनावश्यक मीडियन कट बंद करने की कार्रवाई के तहत पीडब्ल्यूडी और एमपीआरडीसी ने कार्य पूर्ण कर लिया है, जबकि एनएचएआई को शेष कार्यों की रिपोर्ट जल्द देने को कहा गया है।

इसके अलावा शंकरगढ़ में यू-टर्न के पास बने यात्री प्रतीक्षालय को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने और राधा तिराहे के पास दुर्घटना की आशंका वाले विद्युत पोल को हटाने के निर्देश दिए गए। सड़कों पर बैठने वाले आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर निगम और नगर पालिकाओं को निर्देश दिए गए हैं कि पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजा जाए और उनके मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।बैठक में यह भी बताया गया कि भोपाल एवं इंदौर मार्ग की यात्री बसों का संचालन अब नवीन बस स्टैंड से ही किया जा रहा है और अनुरक्षण शुल्क भी वहीं से वसूला जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस विभाग को हेलमेट के उपयोग और यातायात नियमों के पालन के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। अंत में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सभी निर्माण एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने और सड़क सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने की हिदायत दी है।

Next Post

शाहगढ़ में ताजिया जुलूस में शामिल लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए

Sat Jun 27 , 2026
सागर: मुहर्रम पर्व के अवसर पर थाना शाहगढ़ क्षेत्र में साइबर सुरक्षा जागरूकता से जोड़ते हुए बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए। थाना प्रांगण, शाहगढ़ में विभिन्न ताजिए एकत्रित श्रद्धालु एवं आमजन को थाना प्रभारी शाहगढ़ ने SAFE CLICK 2.0 अभियान […]

You May Like