विजय ने राहुल, प्रियंका को हिरासत में लिये जाने की निंदा की

चेन्नई, 22 जुलाई (वार्ता) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लिए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की है।

दिल्ली में नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के प्रति एकजुटता व्यक्त करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाले गये मार्च के दौरान श्री गांधी और श्रीमती वाड्रा तथा अन्य नेताओं को हिरासत में लिया गया था। हालांकि बाद में इन सभी को छोड़ दिया गया था।

श्री विजय ने प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई की आलोचना करते हुए श्री गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने को बुधवार को बेहद ‘अलोकतांत्रिक’ करार दिया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी एक बयान में, श्री विजय ने ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद संसद परिसर के भीतर विरोध-प्रदर्शन कर रही विपक्षी पार्टियों के प्रति तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) के समर्थन का ऐलान भी किया। श्री विजय ने नीट पर अपना रुख दोहराते हुए कहा कि पार्टी की स्थापना के समय से ही इस मुद्दे पर टीवीके का रुख स्पष्ट और अपरिवर्तित रहा है कि नीट परीक्षा को पूरी तरह और हमेशा के लिए खत्म किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने छात्रों और उनके परिवारों को प्रभावित करने वाले इस संवेदनशील मुद्दे पर महज चुनावी फायदे के लिए ‘झूठे वादे’ न करने की अपील करते हुए कहा कि इसका स्थायी समाधान केवल शिक्षा को समवर्ती सूची से हटाकर राज्य सूची में स्थानांतरित करने में निहित है, ताकि राज्यों को अपनी प्रवेश नीतियों पर स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने का अधिकार मिल सके।

श्री विजय ने कहा कि यदि तुरंत संवैधानिक संशोधन संभव न हों, तो केंद्र सरकार को एक ‘विशेष समवर्ती सूची’ बनाने पर विचार करना चाहिए, जिससे राज्य सरकारों को सामान्य और चिकित्सा शिक्षा पर अस्थायी रूप से अधिक नियंत्रण और अधिकार मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी पार्टी की शुरुआत से ही यही रूख रहा है। हमने अपने शैक्षणिक पुरस्कार समारोह के दौरान इसके स्थायी और अंतरिम दोनों समाधानों की स्पष्ट व्याख्या की थी।”

 

Next Post

​दो जजों ने खुद को अलग किया, तीसरे जज अवकाश पर: पूर्व जज गिरिबाला सिंह की जमानत पर लटका फैसला

Wed Jul 22 , 2026
भोपाल। केंद्रीय जेल में बंद पूर्व जज गिरिबाला सिंह की नियमित जमानत के लिए आवेदन पर बुधवार को भी सुनवाई नहीं हो सकी. शुक्रवार 24 जुलाई को सीबीआई कोर्ट में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीलम शुक्ला मामले की सुनवाई करेंगी. जज के अवकाश पर होने के चलते सुनवाई की […]

You May Like