सतना: थैलेसीमिया से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों के लिए राहत की खबर है। जिला चिकित्सालय में 1 अक्टूबर को नि:शुल्क एचएलए टाइपिंग और बोन मैरो ट्रांसप्लांट काउंसलिंग शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर का आयोजन संकल्प इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य थैलेसीमिया मरीजों के परिजनों में एचएलए मिलान की जांच कर संभावित बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए उपयुक्त डोनर की पहचान और परिवारों को उपचार संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराना है। बताया गया कि शिविर में थैलेसीमिया मरीजों के माता-पिता और भाई-बहनों की एचएलए टाइपिंग नि:शुल्क की जाएगी। यह शिविर सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित होगा।
57 मरीज पंजीकृत
जिला चिकित्सालय सतना में वर्तमान में 57 थैलेसीमिया मरीज पंजीकृत हैं। इनमें से 32 मरीजों को जिला अस्पताल में नियमित रूप से ब्लड ट्रांसफ्यूजन किया जा रहा है। ऐसे मरीजों के लिए बोन मैरो ट्रांसप्लांट उपचार का एक महत्वपूर्ण विकल्प हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए शिविर में मरीजों के परिजनों की एचएलए टाइपिंग कराकर संभावित मैच की जानकारी जुटाने पर जोर दिया जाएगा।
