
इंदौर। कनाड़िया पुलिस ने दिनदहाड़े घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया कमर्शियल गैस सिलेंडर और घटना में उपयोग मोटरसाइकिल जब्त की है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है.
बिचौली मर्दाना स्थित सर्वेंट क्वार्टर निवासी सीमा मीणा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गुरुवार 7 मई को सुबह वह घर पर ताला लगाकर काम पर गई थी. शाम को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर रखा सामान बिखरा हुआ था. जांच में इंडियन कंपनी का गैस सिलेंडर, सोने चांदी के जेवर और 12 हजार रुपए नकद गायब मिले. मामले में कनाड़िया पुलिस ने टीम गठित कर घटनास्थल से लेकर संदिग्धों के ठिकानों तक 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले. जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी जय उर्फ चंदन उर्फ सनन बंसीवाल उम्र 23 साल निवासी शिवनगर, मुसाखेड़ी (आजाद नगर) को पकड़कर उसके कब्जे से चोरी कमर्शियल इंडियन गैस सिलेंडर और घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त की है. थाना प्रभारी सहर्ष यादव का कहना है कि मामले में एक अन्य आरोपी संजू निवासी शिवनगर मुसाखेड़ी फरार है, जिसकी तलाश जारी है. आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है.
