​महिला की मौत पर फूटा जनाक्रोश: पूरी रात चक्काजाम, डॉक्टरों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद खुला बाजार

छतरपुर। जिले के सटई कस्बे में आकाशीय बिजली से घायल महिला की कथित इलाज में लापरवाही के कारण हुई मौत के बाद जनाक्रोश भड़क उठा। वार्ड क्रमांक-14 भड़न पुरवा निवासी 38 वर्षीय राजकुमारी पटैल की मौत के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार शाम बस स्टैंड पर चक्काजाम कर दिया, जो पूरी रात जारी रहा। शनिवार सुबह स्थानीय व्यापारियों ने भी आंदोलन के समर्थन में अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जिससे पूरे कस्बे का बाजार बंद रहा और क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

 

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे राजकुमारी पटैल आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई थीं। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सटई लेकर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि अस्पताल में ड्यूटी पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। समय पर उपचार और एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

घटना से आक्रोशित लोगों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए ड्यूटी से अनुपस्थित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई और सटई अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। सूचना मिलते ही एसडीएम बिजावर विजय कुमार द्विवेदी, एसडीओपी अजय कुमार, तहसीलदार लक्ष्मी प्रसाद अहिरवार, नायब तहसीलदार इंद्र कुमार गौतम, थाना प्रभारी सुनीता बिंदुआ सहित तीन थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ ने डॉ. अरुणेंद्र शुक्ला का तत्काल प्रभाव से सटई से बकस्वाहा तबादला कर दिया। वहीं एसडीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। प्रशासन ने भविष्य में अस्पताल में 24 घंटे डॉक्टर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण आंदोलन समाप्त करने पर सहमत हुए तथा बस स्टैंड से चक्काजाम हटा लिया गया।

Next Post

12 इंच बारिश के पार पहुंचा इंदौर, मानसून पूरी रफ्तार में

Sat Jul 4 , 2026
इंदौर। शहर में मानसून पूरे शबाब पर है। शनिवार सुबह तक इंदौर में इस सीजन की वर्षा का आंकड़ा करीब 12 इंच तक पहुंच गया है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है, जिससे मौसम खुशनुमा बना हुआ है और लोगों को गर्मी […]

You May Like