
इंदौर। शहर में मानसून पूरे शबाब पर है। शनिवार सुबह तक इंदौर में इस सीजन की वर्षा का आंकड़ा करीब 12 इंच तक पहुंच गया है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है, जिससे मौसम खुशनुमा बना हुआ है और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार इस बार मालवा और निमाड़ क्षेत्र में बंगाल की खाड़ी तथा अरब सागर दोनों ओर से पर्याप्त नमी मिल रही है। यही वजह है कि मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है और क्षेत्र में अच्छी वर्षा का दौर जारी है।
बारिश से जलाशयों और तालाबों में पानी की आवक बढ़ी है, वहीं किसानों में भी उत्साह का माहौल है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक क्षेत्र में वर्षा गतिविधियां बनी रहने की संभावना जताई है।
