स्पा मैनेजर को अगवा कर होटल में बंधक बनाया, बेरहमी से पीटकर 95,500 की वसूली

जबलपुर। लॉर्डगंज थाना अंतर्गत जय नगर लेबर चौक स्थित एक स्पा के मैनेजर को चार बदमाशों ने चाकू की नोंक पर अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे एक होटल के कमरे में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी देकर करीब 95 हजार रुपये वसूल लिए। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को दबोच लिया है।

सीएसपी रीतेश कुमार शिव से मिली जानकारी के मुताबिक, सुंदरादेही बेलखेड़ा के रहने वाले सत्येंद्र सिंह ठाकुर जय नगर लेबर चौक स्थित ग्लैम स्पा एंड सैलून में बतौर मैनेजर कार्यरत हैं। साहिल पिछले करीब दो साल से सत्येंद्र को जानता था। साहिल स्पा में काम करने के लिए लड़कियों को मिलवाने का काम करता था और इसके बदले भारी कमीशन की मांग कर रहा था। सत्येंद्र द्वारा कमीशन देने से साफ मना करने पर साहिल रंजिश रखने लगा और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दे डाला। बीती 30 जून 2026 को सत्येंद्र स्पा में अपनी ड्यूटी पर था। इसी दौरान आरोपी साहिल अपने तीन साथियों रोहण चौधरी, प्रशांत सेन और एक अन्य युवक के साथ कार से वहां पहुंचा। आरोपियों ने सत्येंद्र को जबरन कार में बैठने को कहा। जब उसने विरोध किया, तो बदमाशों ने चाकू निकालकर उसकी छाती पर अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी देकर उसे गाड़ी में खींच लिया। आरोपी पीड़ित को अगवा कर सीधे वेलवेट होटल ले गए। वहां एक कमरे में बंद कर आरोपियों ने सत्येंद्र को धमकायाऔर पानी के सटक से उसे तब तक बेरहमी से पीटा, जब तक वह लहूलुहान नहीं हो गया।

मारपीट के बाद आरोपी सत्येंद्र को डराने-धमकाने के लिए रातभर शहर के अलग-अलग इलाकों में कार से घूमाते रहे। अपनी जान दांव पर लगी देख पीड़ित सत्येंद्र आरोपियों की हर बात मानने को तैयार हो गया। उसने साहिल के बताए मोबाइल नंबर पर फोनपे के जरिए 83,000 ऑनलाइन ट्रांसफर किए और 12,500 नगद दिए। कुल 95,500 ऐंठने के बाद आरोपियों ने अगले दिन पीड़ित को गुलाब के पास बेदम हालत में छोड़ दिया और फरार हो गए।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही एक्शन में आई पुलिस

शुरुआत में लोक-लाज और डर के मारे पीड़ित चुप रहा, लेकिन जब आरोपियों द्वारा बनाई गई मारपीट की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी, तो पीड़ित ने हिम्मत जुटाई। सत्येंद्र ने लॉर्डगंज थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।‌ पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज किया। मुख्य आरोपी साहिल चौधरी और उसके साथी प्रशांत सेन को हिरासत में ले लिया है। पुलिस दोनों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। वहीं, प्रकरण में शामिल रोहण चौधरी और उसका एक अन्य साथी फिलहाल फरार हैं। फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Post

तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से मारी टक्कर, बड़े भाई की मौत, छोटा घायल 

Sat Jul 4 , 2026
जबलपुर । बेलखेड़ा थाना अंतर्गत अन्नपूर्णा ढाबा के पास एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आगे जा रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक चला रहे 26 वर्षीय युवक की सिर में गंभीर चोट आने के कारण […]

You May Like