इलेक्ट्रॉनिक्स के गोदाम में लगी भीषण आग

ग्वालियर। उपनगर मुरार स्थित बंशीपुरा क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स के बड़े गोदाम में शनिवार शाम को भीषण आग लग गई। आग ने पूरे गोदाम के साथ आसपास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया। गोदाम में रखा टीवी, फ्रिज, एसी, वॉशिंग मशीन, अलमारी, पानी की मोटर समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें और काले धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई देता रहा। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के लोग डर के कारण अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। आग बुझाने के लिए नगर निगम, सेना, एयरफोर्स, मालनपुर, मुरैना समेत विभिन्न विभागों की फायर ब्रिगेड और निजी फायर टैंकर पानी फायर कर आग पर काबू पाने में जुटे हुये है।

मुरार स्थित बंशीपुरा के पास के पास मार्केट क्षेत्र में एक निजी जमीन पर किराये के गोदाम बने हुए हैं। एक इलेक्ट्रोनिक गोदाम से शनिवार सायं तेज धुआं निकला और आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इलेक्ट्रोनिक गोदाम सहित फर्नीचर की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना नगर निगम, पुलिस और अन्य विभागों की टीमों को तत्काल दी गई। वहीं गोदाम में लगी भीषण आग से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई अैर डर के कारण लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरे गोदाम में फैल चुकी थी। इसके बाद लगातार अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। दमकल अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों ने पानी फायर कर आग पर बाहर से काबू पा लिया है, लेकिन अंदर अब भी लपटें धधक रही हैं। अब पाइपलाइन के जरिए भीतर तक पानी पहुंचाकर आग बुझाने की कोशिश की जा रही है। गोदाम में लगी आग से अंदर रखा पूरा माल जलकर राख हो गया। आग से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले सभी रास्ते पूरी तरह बंद कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

मामले की सूचना मिलते ही कलेक्टर रुचिका चौहान मौके पर पहुंची और आग को बुझाने के लिये की जा रही कार्रवाई का अवलोकन करने के साथ ही स्थानीय व्यापारियों से भी चर्चा की। इस मौके पर एसडीएम मुरार नरेशचंद गुप्ता, नगर निगम के अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, पुलिस अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी मौके पर पहुँचे। कलेक्टर रुचिका चौहान ने आग पर काबू पाने के लिये एयर फोर्स के अधिकारियों से भी चर्चा कर फायर की अतिरिक्त व्यवस्था कराई। नगर निगम का फायर अमला भी पूरी मुस्तैदी के साथ आग बुझाने के कार्य में लगा हुआ है। स्थिति नियंत्रण में है।

Next Post

नशा मुक्ति अभियान के तहत दिलाई शपथ

Sat Jul 25 , 2026
धार. प्रमुख खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति बोरासी के निर्देशन एवं नेतृत्व में क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष नशा मुक्ति अभियान के तहत आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अस्पताल के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उपचार के लिए आए मरीजों से […]

You May Like