नयी दिल्ली 14 अगस्त (वार्ता) रक्षा मंत्रालय ने सेना के लिए लोइटर म्यूनिशन प्रणाली, म्यूनिशन और अन्य सहायक उपकरणों की खरीद के लिए टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड और निबे प्राइवेट लिमिटेड के साथ लगभग 1,577 करोड़ रुपये के अनुबंधों पर हस्ताक्षर किये हैं।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इन अनुबंधों पर शुक्रवार को यहां रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में हस्ताक्षर किये गये।
लोइटर म्यूनिशन सिस्टम एक महत्वपूर्ण उपकरण है, जिसे तोपखाना रेजिमेंटों की क्षमता बढ़ाने और सेना के समग्र संचालन को मजबूत करने के लिए विकसित किया गया है। फास्ट ट्रैक प्रक्रिया के तहत ‘खरीदो (भारतीय)’ श्रेणी में की जा रही इस खरीद से भारतीय उद्योग की विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ावा मिलेगा।
यह खरीद भारतीय रक्षा उद्योगों के आधुनिकीकरण और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो ‘आत्मनिर्भर भारत’ के गौरवपूर्ण ध्वजवाहक बनेंगे।
