एयरटेल पेमेंट्स बैंक की नयी अध्यक्ष होंगी शबनम सिन्हा

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (वार्ता) भारती एयरटेल के स्वामित्व वाले एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने सुश्री शबनम सिन्हा को नया अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की है। एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने सोमवार को बताया कि सुश्री सिन्हा की नियुक्ति 01 अक्टूबर 2026 से तीन साल के लिए की गयी है। यह नियुक्ति बोर्ड द्वारा अनुमोदित किये जाने और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मंजूरी के बाद प्रभावी होगी। मौजूदा अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल 30 सितंबर से गैर-कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे और निदेशकमंडल से हटेंगे।

भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन श्री मित्तल को अप्रैल 2016 में एयरटेल पेमेंट्स बैंक का गैर-कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनके नेतृत्व में बैंक आगे बढ़कर राजस्व के आधार पर देश का सबसे बड़ा भुगतान बैंक बना और उपभोक्ता तथा एंटरप्राइज दोनों क्षेत्रों में मजबूत उपस्थिति स्थापित की। आज बैंक 12.1 करोड़ से अधिक मासिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं और करीब तीन करोड़ बैंक खाता ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करता है।

इस बदलाव पर टिप्पणी करते हुए श्री मित्तल ने कहा, “एयरटेल पेमेंट्स बैंक के चेयरमैन के रूप में सेवा करना और इसकी यात्रा को देखना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। बैंक ने एक ऐसी पहल से शुरुआत की थी जिसका मुख्य उद्देश्य बैंकिंग की पहुंच बढ़ाना था और आज यह शहरी तथा ग्रामीण भारत के लाखों लोगों की सेवा करने वाली एक विश्वसनीय संस्था बन चुका है। हमने देश के सबसे बड़े बैंकिंग नेटवर्क में से एक का निर्माण किया, बैंकिंग सुविधाओं से वंचित समुदायों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा और एक सुरक्षित, डिजिटल-फर्स्ट अनुभव प्रदान किया।”

सुश्री सिन्हा वर्तमान में एयरटेल पेमेंट्स बैंक के निदेशकमंडल में स्वतंत्र निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। वह बोर्ड की धोखाधड़ी की निगरानी के लिए गठित विशेष समिति की अध्यक्ष हैं और जोखिम प्रबंधन तथा आईटी समितियों की सदस्य भी हैं। अपनी नियुक्ति पर उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सम्मान की बात है, विशेष रूप से ऐसे समय में जब डिजिटल वित्तीय सेवाएं देश के समावेशी विकास की आधारशिला बन रही हैं। बैंक ने तकनीक को सुलभ बैंकिंग के साथ जोड़कर एक मजबूत और विश्वसनीय संस्था का निर्माण किया है, जो देशभर में लाखों लोगों को सेवाएं प्रदान कर रही है और अनगिनत भारतीयों को औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ने में एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभा रही है।

.....

Next Post

बीरभूम और लखीसराय दुर्घटनाओं में मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री कोष से दो-दो लाख की अनुग्रह राशि

Mon Aug 17 , 2026
नयी दिल्ली 17 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम और बिहार के लखीसराय में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में मृतकों के निकटतम परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री […]

You May Like