छतरपुर:खर्रोही-बमीठा पहुंच मार्ग लंबे समय से बदहाल होने के कारण खर्रोही, धनुपुरा और चादऊआ सहित आसपास के गांवों के लोगों को परेशानी हो रही है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से ग्रामीणों ने बमीठा बाजार जाना लगभग छोड़ दिया है। अब उन्हें जरूरी सामान के लिए राजनगर और खजुराहो तक लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार खर्रोही से बमीठा-खजुराहो मार्ग करीब 3 किलोमीटर दूर है, जबकि खजुराहो करीब 9 और राजनगर 12 किलोमीटर दूर है। सड़क खराब होने से ग्रामीणों को तीन से चार गुना अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है।
खर्रोही-बेनीगंज बांध के बीच रेलवे अंडरब्रिज के नीचे सड़क पर बड़ा गड्ढा बना है। बारिश के बाद इसमें कीचड़ भरने से वाहन चालकों को परेशानी होती है और हादसे का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों के मुताबिक बेनीगंज बांध क्षेत्र में करीब दो किलोमीटर सड़क सिंचाई विभाग की जमीन पर है। बजट की कमी के कारण डामरीकरण नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में शामिल कर स्थायी रूप से पक्का कराने की मांग की है।
