गुरप्रीत सिंह काहिरा विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप में जीता रजत पदक

नयी दिल्ली, 17 नवंबर (वार्ता) ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में विश्व चैंपियन बनने के बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन यूक्रेन के पावलो कोरोस्टाइलोव से इनर 10 के अधार पर हारने के बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
मिस्र के काहिरा स्थित ओलंपिक शूटिंग रेंज में आयोजित प्रतियोगित में गुरप्रीत सिंह को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। विश्व चैंपियनशिप में गुरप्रीत का यह दूसरा व्यक्तिगत पदक है, पहला पदक भी उन्होंने 2018 में चांगवोन में 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता था। फ्रांस के यान पियरे लुई फ्रिड्रिसी ने कांस्य पदक जीता।
गुरप्रीत ने दो दिनों की प्रतियोगिता में प्रिसिशन और रैपिड चरणों में कुल 584 अंक हासिल किए, जबकि कोरोस्टाइलोव ने 29 इनर 10 और अंतिम रैपिड राउंड में 100 का परफेक्ट स्कोर बनाकर स्वर्ण पदक जीता।
भारतीय निशानेबाज प्रिसिशन चरण के बाद 288 अंक (95,97,96) के स्कोर के साथ नौवें स्थान पर थे। उन्होंने दूसरे दिन वापसी करते हुए रैपिड चरण में 296 अंक (98,99,99) का शानदार स्कोर बनाकर रजत पदक जीता। प्रिसिशन चरण के बाद 291 के स्कोर के साथ अग्रणी रहे यूक्रेनी निशानेबाज ने रैपिड चरण में 293 अंक का स्कोर बनाकर गुरप्रीत के स्कोर की बराबरी की और स्वर्ण पदक जीता।
प्रिसिशन चरण के बाद 291 अंक के साथ पदक की दौड़ में शामिल हरप्रीत सिंह दूसरे स्थान पर रहे थे, रैपिड चरण में केवल 286 अंक ही बना सके, जिससे वे अंततः नौवें स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता में शामिल अन्य भारतीय निशानेबाज, साहिल चौधरी 561 अंक के साथ 28वें स्थान पर रहे। तीनों निशानेबाज टीम पदक तालिका से बाहर रहे और पांचवें स्थान पर रहे।
भारत ने विश्व चैंपियनशिप में कुल 13 पदकों (तीन स्वर्ण, छह रजत और चार कांस्य) के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए अपना अभियान समाप्त किया। चीन ने 12 स्वर्ण, सात रजत और दो कांस्य पदक जीते, जबकि दक्षिण कोरिया ने सात स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक जीते।
10 मीटर एयर पिस्टल में सम्राट राणा, 50 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल में रविंदर सिंह और 10 मीटर पुरुष एयर पिस्टल टीम ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि 50 मीटर थ्री पोज़िशन पुरुष में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में अनीश भानवाला, 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल में गुरप्रीत सिंह, 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम में ईशा सिंह और सम्राट राणा, 10 मीटर महिला एयर पिस्टल टीम और 50 मीटर पुरुष स्टैंडर्ड पिस्टल टीम ने रजत पदक जीते।
25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में ईशा सिंह, 10 मीटर एयर राइफल में एलावेनिल वालारिवन, 10 मीटर एयर पिस्टल में वरुण तोमर और 10 मीटर महिला एयर राइफल टीम ने भारत के लिए कांस्य पदक जीते।

Next Post

डेफलिंपिक:एयर पिस्टल में अनुया प्रसाद ने स्वर्ण और प्रांजलि धूमल ने जीता रजत पदक

Mon Nov 17 , 2025
टोक्यो/नई दिल्ली, 17 नवंबर (वार्ता) भारत की अनुया प्रसाद और उनकी साथी प्रांजलि प्रशांत धूमल ने यहां आयोजित 25वें ग्रीष्मकालीन डेफलिंपिक में निशानेबाजी की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। अनुया ने स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही डेफ फाइनल विश्व रिकॉर्ड भी तोड़ा […]

You May Like