भोपाल: मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राज्य में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। नदी-नाले उफान पर हैं और कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे प्रशासन सतर्क हो गया है।शनिवार को प्रदेश के 28 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।
जबलपुर, मंडला, बालाघाट, कटनी, दमोह, नरसिंहपुर, विदिशा, सीहोर, रायसेन और नर्मदापुरम में अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में अगले 24 घंटे में 8 इंच तक पानी गिरने की संभावना है। वहीं, भोपाल, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, रतलाम, उज्जैन, इंदौर, देवास, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, सागर, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी है। बारिश की गंभीरता को देखते हुए मंडला और डिंडौरी में शनिवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। राज्य के अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
