
जबलपुर । बेलखेड़ा थाना अंतर्गत अन्नपूर्णा ढाबा के पास एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आगे जा रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक चला रहे 26 वर्षीय युवक की सिर में गंभीर चोट आने के कारण दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका छोटा भाई घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम सुनाचर निवासी रंजीत भूमिया (24) ने बताया कि वह 2 अपने बड़े भाई देवेन्द्र भूमिया (26) के साथ मोटरसाइकिल से अपने बहनोई को छोड़ने पाटन गए थे। दोनों भाई वापस अपने गांव लौट रहे थे। बाइक बड़ा भाई देवेन्द्र चला रहा था और रंजीत पीछे बैठा था।
दोनों भाई जैसे ही बेलखेड़ा क्षेत्र में अन्नपूर्णा ढाबा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेड डी 0969 के चालक ने लापरवाही से गाड़ी दौड़ाते हुए उनकी बाइक को पीछे से उड़ा दिया। टक्कर लगते ही दोनों भाई सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। रंजीत के पैर में चोट आई, वहीं देवेन्द्र के सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण वह अचेत हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 की मदद से दोनों भाइयों को तत्काल उपचार के लिए शहपुरा अस्पताल ले जाया गया। जहाँ डॉक्टर ने परीक्षण के बाद देवेन्द्र भूमिया को मृत घोषित कर दिया।
