श्योपुर: जिले के अगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अरोद गांव में तेंदुए ने आतंक मचा दिया। जंगल से भटके तेंदुए ने गांव में घुसकर दो ग्रामीणों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल व्यक्तियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। तेंदुए की दहशत से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल है।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और तेंदुए की तलाश जारी है। सामान्य वनमंडल के डीएफओ के एस रंधा का कहना है कि दोनों घायलों को इलाज करवाया जा रहा है। साथ ही उन्हें सहायता राशि भी दे दी गई है। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाया जा रहा है। तेंदुआ बहुत आक्रामक है। उसको पकड़ने के लिए टीम भेज दी है। साथ ही आसपास के गांवों में सूचना दी जा रही है कि रात में घर के बाहर ना सोएं और बच्चों को अकेला ना छोड़ें।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। तेंदुए की तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने अकेले जंगल या नदी किनारे न जाने को कहा है।
