
जबलपुर। माढ़ोताल पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने दीनदयाल बस स्टैंड के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 5,65,000 का अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से सिहोरा निवासी एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस तस्करी नेटवर्क में शामिल दो अन्य आरोपियों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। तस्करी के तार सिवनी से जुड़े हैं।
माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिहोरा का रहने वाला एक युवक लाल शर्ट और नीली जींस पहने, अपने पास काले और फिरोजी रंग के बैग में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर दीनदयाल बस स्टैंड के बाहर सड़क किनारे किसी का इंतजार कर रहा है।
घेराबंदी कर दबोचा, बैग से निकले 11 पैकेट
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के कड़े प्रावधानों के तहत तुरंत योजना बनाई और बताए गए स्थान पर दबिश दी। दो बड़े बैग और एक पिट्ठू बैग के साथ खड़े प्रिंस बर्मन 22 वर्ष, निवासी कंकाली मोहल्ला, वार्ड नंबर 3, सिहोरा को पकड़ा गया जब पुलिस ने उसके बैगों की तलाशी ली, तो उनके अंदर से 11 पैकेटों में बंद कुल 11 किलो 301 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई है। जब आरोपी प्रिंस से इस अवैध खेप के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने बड़े रैकेट का खुलासा किया। आरोपी ने कबूल किया कि कंकाली मोहल्ला सिहोरा निवासी जय सेलर ने उसे यह खेप सिवनी में सौंपी थी और इसे कटरा मोहल्ला सिहोरा के रहने वाले मुकेश साहू को डिलीवर करने का काम सौंपा था।
