लवकुशनगर/छतरपुर: छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र के हरद्वार गांव के पास रविवार और सोमवार की दरमियानी रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। गिट्टी से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से आ रही यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार करीब छह यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति से चल रही थी। हरद्वार गांव के समीप सामने से आ रही यात्री बस से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही लवकुशनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। वहीं, ट्रैक्टर-ट्रॉली में गिट्टी भरी होने के कारण उसके परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और खनिज नियमों के पालन की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
