
जबलपुर। गोराबाजार क्षेत्र में गुरूवार दोपहर को उस वक्त हंगामा हो गया जब अतिक्रमण विरोधी कार्यवाही करने पहुंचे अमले का विरोध अतिक्रमणकारी ने करना शुरू किया और देखते ही देखते नौबत हाथापाई तक जा पहुंची। दरअसल गोराबाजार इलाके की सड़क के आसपास जमे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कैंट बोर्ड प्रशासन ने कार्यवाही करने का मूड बना लिया है और इसी को हटाने गुरूवार दोपहर को कैंट बोर्ड प्रशासन का अमला, पुलिस बल और नगर निगम के अमले के साथ गोराबाजार क्षेत्र में पहुंचा था। इस दौरान गोराबाजार इलाके में स्थित अवैध मटन की दुकान जैसे ही अमला हटाने लगा तो दुकान संचालक द्वारा अमले से विवाद किया जाने लगा और फिर जब अमले ने कार्यवाही शुरू की तो नौबत हाथापाई की आ गई।
अमले ने जब टपरा जप्त करने का प्रयास किया तो दुकान संचालक द्वारा पुलिस कर्मियों से भी झूमाझपटी की गई जिसका सोशल मीडिया में वीडियो भी वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने नवभारत को बताया कि एक युवक ने तो पुलिस कर्मी को मारने के लिए हाथों में सब्बल भी उठा ली थी। बताया जा रहा है उक्त मांस दुकान का संचालक खुले में व्यापार कर रहा था और ये जमीन कैंट बोर्ड की थी। इस संबंध में कैंट बोर्ड अमले का स्पष्ट कहना है कि जब भी उनके द्वारा अतिक्रमण विरोधी कार्यवाही की जाती है तो ऐसे ही विवादों का सामना उन्हें करना पड़ता है।
