
सीधी। थाना रामपुर नैकिन की चौकी खड्डी पुलिस की मुस्तैदी से अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ आरोपी क़ो गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 80 ग्राम अवैध गांजा एवं बाइक ज़ब्त कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दिनांक 5 अगस्त 2026 को चौकी खड्डी प्रभारी सउनि नीरज कुमार को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम उमरिहा निवासी एक व्यक्ति अपनी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 53 एमजी 7618 की डिग्गी में अवैध गांजा लेकर बिक्री करने हेतु ग्राम धनहा की तरफ जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल स्वतंत्र साक्षियों एवं इलेक्ट्रॉनिक तराजू-बाट के साथ ग्राम धनहा स्थित प्रधानमंत्री मार्ग पर घेराबंदी की।
संदिग्ध वाहन को रोककर चालक से पूंछताछ करने पर उसने अपना नाम परमानन्द यादव उम्र 50 वर्ष, निवासी उमरिहा, चौकी खड्डी थाना रामपुर नैकिन बताया।
विधिवत तलाशी लेने पर मोटर साइकिल की डिग्गी में रखे एक पीले बोरे से 2 किलो 80 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमत लगभग 30,120 रूपये बरामद हुआ। परिवहन में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटर साइकिल कीमत लगभग 50 हजार रुपये को भी ज़ब्त किया गया।
कुल ज़ब्त मशरूका 80,120 रूपये है। मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने आरोपी परमानन्द यादव के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0162/2026, धारा 8/20( बी ), 27(ए), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
उक्त संपूर्ण कार्यवाही में सहायक उपनिरीक्षक नीरज कुमार, प्रधान आरक्षक राम सुंदर, प्रधान आरक्षक रामबली, नायक कृष्ण कुमार पांडे, आरक्षक वेद प्रकाश केवट, आरक्षक दीपेंद्र सिंह एवं बुलेरो चालक सोनू साकेत की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।
