हादसा, खेत पर करंट की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक की मौत 

नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पिपलिया व्यास गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। खेत पर ट्यूबवेल चालू करने गए 24 वर्षीय अर्जुन बंजारा की करंट लगने से मौत हो गई। अर्जुन, पिता डालूराम बंजारा, सुबह करीब 6 बजे अपने खेत पर मोटर चालू करने गए थे, तभी वह अचानक करंट की चपेट में आ गए।

काफी देर तक अर्जुन के घर नहीं लौटने पर परिजन उन्हें खोजते हुए खेत पहुंचे, जहां वे बेसुध हालत में पड़े मिले। उनके पास ही बिजली का टूटा हुआ तार भी मिला, जिससे हादसे की आशंका और गहराती है। परिजन तुरंत अर्जुन को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अर्जुन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हाल ही में उनकी शादी हुई थी और उनकी पत्नी इस समय डिलीवरी के लिए मायके में है। अर्जुन की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग और बंजारा समाज के सदस्य बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

यह घटना न केवल एक परिवार के लिए बल्कि पूरे गांव के लिए गहरा सदमा है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि खेतों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी कोई दुर्घटना दोहराई न जाए।

Next Post

नवरात्र तक नहीं दिया जाएगा अवकाश, बिना बताए गायब रहने पर होगा निलंबन: निगमायुक्त 

Sat Sep 20 , 2025
जबलपुर। शनिवार अवकाश के दिन भी निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सभी विभागीय प्रमुखों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यो की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में उन्होंने कॉलोनी सेल, भवन शाखा, अतिक्रमण, स्वास्थ्य, लोककर्म, सीवर, जल, विधि, एवं अन्य विभागों के कार्यो की जानकारी ली और साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों […]

You May Like