
जबलपुर। शनिवार अवकाश के दिन भी निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सभी विभागीय प्रमुखों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यो की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में उन्होंने कॉलोनी सेल, भवन शाखा, अतिक्रमण, स्वास्थ्य, लोककर्म, सीवर, जल, विधि, एवं अन्य विभागों के कार्यो की जानकारी ली और साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को अपने कार्यो में सुधार लाने व गंभीरता के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिये। इस दौरान निगमायुक्त श्री अहिरवार ने दो टूक शब्दों में कहा कि नवरात्रि पर्व तक कोई भी छुट्टी किसी को नहीं दी जायेगी और यदि बिना छुट्टी लिये अथवा बिना बताए कार्यालय से अनुपस्थित रहता है तो उसके विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही की जायेगी। निगमायुकत ने यह भी हिदायत देते हुए कहा कि सभी विभागीय प्रमुख अपने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों पर नियंत्रण रखें।
बैठक में निगमायुक्त ने कॉलोनी सेल प्रभारी को निर्देशित किया कि अवैध कॉलोनी विकसित करने वाले कॉलोनाईजरों पर एक सप्ताह के भीतर कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसमें किसी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दास्त नहीं की जायेगी। निगमायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि जिस कॉलोनी की वैधता दी गई है यदि वैधता अवधि के दौरान उनके द्वारा कॉलोनियों में विकास के कार्य नहीं कराये गए हैं उनकी अनुमतियां निरस्त करें और उन पर भी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
निगमायुक्त ने नगर निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए भी आय को स्त्रोंतों को बढ़ाने विशेष जोर दिया और सभी विभागीय प्रमुखों को निर्देशित किया कि सभी लोग राजस्व विभाग के अमले को सहयोग प्रदान करें ताकि आय में वृद्धि हो सके। साथ ही शहर के सभी प्रमुख मार्गो और बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमणों को हटाने मुहिम चलाने के निर्देश दिये।
