
जबलपुर। कैंट थाना अंतर्गत एम्पायर तिराहा में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने पैदल चल रहे एक एमटीएस के हाथ से कीमती एप्पल मोबाइल छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी पलक झपकते ही ओमती की तरफ रफूचक्कर हो गए।
पुलिस के अनुसार, एम्पायर तिराहा निवासी 28 वर्षीय सुमित खोखर सीएसडी डिपो में एमटीएस के पद पर पदस्थ है। बीती रात सुमित अपने मोबाइल पर बात करते हुए पैदल ही रेलवे कॉलोनी जा रहा था। वह वहां अपने दोस्त परमजीत और परमीत से मिलने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात लड़कों ने सुमित के हाथ पर झपट्टा मारा और करीब 20 हजार रुपये कीमत का एप्पल फोन छीन लिया। बदमाश इतनी तेजी से आए कि पीड़ित को शोर मचाने या संभलने का मौका ही नहीं मिला। वारदात को अंजाम देकर आरोपी पुल नंबर 2 को पार करते हुए ओमती इलाके की तरफ भाग निकले।
