सेफ क्लिक 2.0′ अभियान का वृहद विस्तार

सीधी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के दिशा-निर्देशानुसार आम नागरिकों को डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी और ऑनलाइन अपराधों से सुरक्षित रखने हेतु जिला सीधी में विशेष साइबर जागरूकता अभियान ‘सेफ क्लिक 2.0’ निरंतर संचालित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं समस्त अनुभागों के पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों के कुशल पर्यवेक्षण में इस अभियान को अब एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप दे दिया गया है। इसी क्रम में जिले के सभी थानों और चौकियों ने अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए जमीनी स्तर पर जन-संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया है।

 

थानों एवं चौकियों ने की प्रमुख गतिविधियां-

 

थाना कोतवाली-

थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा जिला चिकित्सालय सीधी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल में आए मरीजों, उनके परिजनों, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को एकत्र कर वर्तमान में चल रहे विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड ( मेडिकल इमरजेंसी के नाम पर ठगी, फर्जी लिंक) के बारे में विस्तार से समझाया गया और उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी गई।

 

महिला थाना-

महिला थाना पुलिस द्वारा स्थानीय शैक्षणिक और ग्रामीण स्तर पर दोहरा मोर्चा संभालते हुए शासकीय कन्या महाविद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र पुरानी सीधी में विशेष शिविर लगाया गया। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं, जिन्हें सोशल मीडिया सुरक्षा, हनीट्रैप, और लोन ऐप के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।

 

थाना सेमरिया-

 

थाना सेमरिया द्वारा एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली थाना परिसर से प्रारंभ होकर अस्पताल सेमरिया और हनुमान तिराहा होते हुए रामगोपाल तिराहा पर जाकर संपन्न हुई। बैनर और पोस्टरों के माध्यम से निकाली गई इस रैली में थाना स्टाफ के अतिरिक्त माइनिंग इंस्पेक्टर शिशिर यादव, डॉ. संजय पटेल सीएचसी सेमरिया, स्थानीय व्यापारीगण और भारी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।

 

पुलिस चौकी बम्हनी-

 

थाना सेमरिया के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी बम्हनी द्वारा बम्हनी बाजार के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में दुकानदारों और राहगीरों के बीच ‘सेफ क्लिक 2.0’ के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने व्यापारियों को ऑनलाइन पेमेंट फ्रॉड और फर्जी क्यूआर कोड से बचने के तरीके सिखाए।

 

थाना जमोड़ी-

 

 

थाना जमोड़ी पुलिस द्वारा क्षेत्र के प्रतिष्ठित ‘सिद्धभूमि इंटरनेशनल स्कूल’ में जाकर छात्र-छात्राओं और शिक्षक स्टाफ के बीच जागरूकता कार्यक्रम किया गया। इसमें बच्चों को गेमिंग ऐप्स, ऑनलाइन फ्रेंडशिप और अनजान लिंक पर क्लिक करने से होने वाले नुकसानों के प्रति सजग किया गया।

 

थाना अजाक एवं महिला थाना –

 

थाना अजाक और महिला थाना की टीम द्वारा संयुक्त रूप से ग्राम मड़रिया सीधी में एक विशेष चौपाल का आयोजन किया गया। ग्रामीण परिवेश के नागरिकों को सरल भाषा में लॉटरी फ्रॉड, बैंक अधिकारी बनकर आने वाले फर्जी फोन कॉल और ओटीपी शेयर न करने के संबंध में जागरूक किया गया।

 

पुलिस चौकी खड्डी-

 

थाना रामपुर नैकिन के अंतर्गत पुलिस चौकी खड्डी द्वारा ग्राम मोरा के आंगनबाड़ी केंद्र में एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और ग्रामीण महिलाओं को विशेष रूप से आमंत्रित कर उन्हें डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन ठगी से बचाव की विस्तृत जानकारी दी गई।

 

थाना भुइमाड़-

 

थाना भुइमाड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक आंगनबाड़ी केंद्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए एसडीओपी कुसमी स्वयं वहां मौजूद रहे। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों और महिलाओं को संबोधित करते हुए साइबर अपराधियों के तौर-तरीकों की जानकारी दी और सजग रहने की अपील की।

 

थाना बहरी-

 

थाना बहरी की पुलिस टीम द्वारा बहरी बाजार में स्थानीय व्यापारियों, खरीददारों और आम जनता के बीच ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत कार्यक्रम किया गया। बाजार में लाउडस्पीकर और संवाद के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया गया।

 

थाना अमिलिया-

 

थाना अमिलिया द्वारा अमिलिया बाजार में अभियान के तहत विशेष चौपाल लगाई गई। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित आमजन को किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई भी ऐप डाउनलोड न करने तथा वित्तीय लेनदेन में सावधानी बरतने की हिदायत दी।

 

​सजगता ही एकमात्र बचाव: पुलिस अधीक्षक

 

​उल्लेखनीय है कि इन प्रमुख आयोजनों के अतिरिक्त भी सीधी जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले दूरस्थ गांवों, हाट-बाजारों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर सक्रिय रूप से चौपालें आयोजित कीं। इस अभियान के तहत पूरे जिले में एक साथ बड़े पैमाने पर आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने की शपथ दिलाई गई।पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने जिले के समस्त नागरिकों से पुनः पुरजोर अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के लुभावने ऑफर, अनजान लॉटरी, संदिग्ध कॉल या अज्ञात लिंक पर क्लिक करने की भूल कतई न करें। सजगता ही साइबर अपराध से बचने का एकमात्र और सबसे प्रभावी उपाय है। ​यदि कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड का शिकार होता है, तो वह बिना समय गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते वित्तीय नुकसान को रोका जा सके।

Next Post

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा 28 जून को पिपलिया मंडी एवं गुड़भेली छोटी में करेंगे विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमि पूजन

Sat Jun 27 , 2026
मंदसौर। मध्य प्रदेश के जगदीश देवड़ा 28 जून (रविवार) को मंदसौर जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने निर्धारित प्रवास के दौरान वे पिपलिया मंडी एवं ग्राम गुड़भेली छोटी में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात में भी […]

You May Like