उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा 28 जून को पिपलिया मंडी एवं गुड़भेली छोटी में करेंगे विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमि पूजन

मंदसौर। मध्य प्रदेश के जगदीश देवड़ा 28 जून (रविवार) को मंदसौर जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने निर्धारित प्रवास के दौरान वे पिपलिया मंडी एवं ग्राम गुड़भेली छोटी में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात में भी सहभागिता करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा प्रातः 11:00 बजे पिपलिया मंडी स्थित बूथ क्रमांक 87 पर आयोजित मन की बात कार्यक्रम में शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों के साथ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे। इसके उपरांत दोपहर 12:00 बजे वे पिपलिया मंडी कृषि उपज मंडी परिसर पहुंचेंगे, जहां कृषि उपज मंडी में नवनिर्मित 32 दुकानों का विधिवत लोकार्पण करेंगे। इन नई दुकानों के प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों एवं स्थानीय व्यवसायियों को बेहतर व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा मंडी की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।

दोपहर 3:00 बजे उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ग्राम गुड़भेली छोटी पहुंचेंगे, जहां बरुजना फंटे से छोटी गुड़भेली, हरसोल होते हुए बंडपिपल्या तक पहुंच मार्ग निर्माण कार्य का भूमि पूजन करेंगे। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी तथा गांवों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होने के साथ कृषि उपज के परिवहन में भी सुविधा होगी।

उप मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, किसानों एवं क्षेत्रवासियों की बड़ी संख्या में कार्यक्रमों में उपस्थिति रहने की संभावना है। क्षेत्र के विकास की दृष्टि से इन परियोजनाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिनसे स्थानीय अधोसंरचना के विस्तार और ग्रामीण विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Next Post

एकलव्य विद्यालयों में सुविधाएं और विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर

Sat Jun 27 , 2026
आलीराजपुर। सेजावाड़ा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में शनिवार को जिला स्तरीय समिति (डीएलसी) एवं स्कूल मैनेजमेंट कमेटी की बैठक कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा […]

You May Like