उज्जैन में अतिक्रमण पर चला नगर निगम का हथौड़ा, विरोध करने वालों का निकाला जुलूस

उज्जैन। आगामी महाकुंभ 2028 को लेकर तैयारियां तेज़ हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शहर को सुव्यवस्थित, सुंदर और यातायात मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर लगातार दो दिनों से शहर के प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की जा रही है। बाहर से प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु उज्जैन पहुंच रहे हैं, ऐसे में प्रशासन शहर की सूरत और व्यवस्था सुधारने में जुटा है।

मंगलवार को देवास गेट बस स्टैंड से लेकर इंदौर गेट तक बड़े पैमाने पर अवैध अतिक्रमण हटाया गया। सडक़ किनारे फैले अस्थायी ढांचे, गुमटियां और अवैध निर्माण हटाए गए। धार्मिक नगरी होने के कारण आवागमन अवरुद्ध न हो, इसी उद्देश्य से यह अभियान आयुक्त के नेतृत्व में प्रारंभ किया गया।

फ्रीगंज क्षेत्र में इंदिरा गांधी चौराहे से तीन बत्ती चौराहे तक खंभों पर लगे अवैध फ्लेक्स सुबह ही निकाल दिए गए। अंबेडकर मांगलिक भवन के पास रोटरी पर लगे फ्लेक्स, शहीद पार्क की बाउंड्रीवाल से बंधे बैनर और बड़े-बड़े होर्डिंग हटाए गए। झोन क्रमांक 4 और 5 -6 के अंतर्गत छोटा सराफा, नमक मंडी, जैन मंदिर क्षेत्र तक लाइट पोल पर लगे अवैध होर्डिंग हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी तरह नानाखेड़ा क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। कोयला फाटक, हरि फाटक, बेगम बाग कॉलोनी और महाकाल चौराहा क्षेत्र में लाइट पोल पर लगे अवैध होर्डिंग निकाले गए। निर्माण कार्य में बाधा बन रहे गिट्टी, बालू और रेत के ढेर हटाने के लिए अनाउंसमेंट किया गया, अन्यथा जब्ती की चेतावनी दी गई। उज्जैन-देवास गेट मार्ग से लेकर प्रमुख बाजारों तक कार्रवाई कर शहर को खुला और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया।

नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि शहर की सुंदरता और यातायात सुगमता सर्वोच्च प्राथमिकता है। महाकुंभ 2028 को ध्यान में रखते हुए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। व्यापार कीजिए, लेकिन नियमों के अनुसार। सडक़ और सार्वजनिक स्थानों को बाधित करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान वाले उज्जैन को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने की यह मुहिम आने वाले समय में और तेज़ होने के संकेत दे रही है।

 

विरोध, हंगामा और एफआईआर-चाकू निकाले तो निकाला जुलूस

अभियान के दौरान कुछ स्थानों पर विवाद की स्थिति भी बनी। जानकारी के अनुसार कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए चाकू तक निकाल लिया और टीम पर हमला करने की कोशिश की। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने देवासगेट थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस प्रशासन के सहयोग से हालात काबू में किए गए और बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। कुछ मामलों में आरोपियों का जुलूस भी निकाला गया, जिससे साफ संदेश दिया गया कि विकास कार्य में बाधा सहन नहीं की जाएगी। बुधवार को नानाखेड़ा स्टेडियम के बाहर एवं दीवार से सटी सभी गुमटियां हटाई गईं। यहां सिक्स लेन निर्माण कार्य जारी है और खुदाई के चलते सडक़ें उबड़-खाबड़ हैं। यातायात बाधित न हो, इसके लिए ठेले-गुमटियां हटाकर रास्ता साफ कराया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी दर्ज कराया। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि व्यापार करने से किसी को रोका नहीं जा रहा, लेकिन सडक़ और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Next Post

पुत्र की शादी से पहले पिता की सडक़ दुर्घटना में मौत

Wed Feb 18 , 2026
उज्जैन। पुत्र की शादी से 10 दिन पहले सडक़ दुर्घटना में मंगलवार बुधवार रात पिता की मौत हो गई। घटनाक्रम की जानकारी परिवार को मिलते ही शादियों की खुशियां मातम में बदल गई। पिता शादी की पत्रिका बांट कर वापस लौट रहे थे, रास्ते में अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। […]

You May Like