जयपुर 10 अगस्त (वार्ता) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर राज्य में कानून व्यवस्था के हालात खराब होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश में कोई भी कहीं भी अब इस प्रदेश में सुरक्षित नहीं है।
श्री गहलोत ने अजमेर में ज्वैलरी लूटने के बाद भाजपा नेता की पत्नी की हत्या का मामला सामने आने के बाद रविवार को अपने बयान में यह बात कही। उन्होंने कहा कि यह तो प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर का हाल है। चाहे खास हो या आम कोई भी सुरक्षित नहीं है।
उन्होंने कहा कि जंगलराज के नारे के साथ लोगों को भड़का कर वोट मांगने वाली भाजपा अब लॉ एंड ऑर्डर के नाम पर चुप्पी साधे हुए है। इस प्रकार से इतना संगीन मर्डर हो जाना दिखाता है कि सरकार का इकबाल समाप्त हो चुका है। कोई भी कहीं भी अब इस प्रदेश में सुरक्षित नहीं है। प्रदेश के मुख्यमंत्री जो कि स्वयं गृह मंत्री हैं अब कब जिम्मेदारी लेना सीखेंगे। श्री गहलोत ने कहा कि जनता बेहद दुखी, परेशान और असुरक्षित है।
