
बैतूल। बैतूल में पेयजल समस्या को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के लल्ली चौक से नगर पालिका कार्यालय तक रैली निकालकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा ने किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सीएमओ कार्यालय के सामने खाली मटके फोड़कर विरोध जताया और नगर पालिका प्रशासन पर लोगों को नियमित पानी उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने सीएमओ नवनीत पांडे को ज्ञापन सौंपते हुए शहर में पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग की। इस दौरान प्रतीकात्मक रूप से एक खाली मटका भी भेंट किया गया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शहर के कई वार्डों में चार से पांच दिन बाद पानी मिल रहा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में सप्ताहभर तक जलापूर्ति नहीं हो रही। भीषण गर्मी के बीच लोग पानी की कमी से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद नलजल योजनाओं और अन्य परियोजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस पदाधिकारी और पार्षद शामिल हुए। नेताओं ने पाइप लाइनों की खराब स्थिति और खाली पानी टंकियों को अव्यवस्था का कारण बताया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडे ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि शहर में नियमित जलापूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि इंटेकवेल की दो मोटर खराब होने से कुछ इलाकों में पानी सप्लाई प्रभावित हुई थी, लेकिन मरम्मत के बाद स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी।
