
सिंगरौली। कोतवाली क्षेत्र बैढ़न के बलियरी इलाके में इन दिनों नदी से रेत निकासी और परिवहन गतिविधियां तेज नजर आ रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले तीन-चार दिनों से रात के समय बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत का परिवहन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि देर रात तक ट्रैक्टर मोहल्लों से गुजरते हैं, जिससे शोरगुल और आवागमन की समस्या बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि रात भर भारी वाहनों की आवाजाही से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है और आमजन को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। हालांकि प्रशासन या पुलिस विभाग की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्थानीय लोग रेत परिवहन गतिविधियों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
